राजनांदगांव

राजनांदगांववासियों ने हॉकी प्रतियोगिता की परंपरा को वर्षों से सहेज कर रखा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी। राजस्व एवं आपदा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित 80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 के समापन समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते खेल मंत्री श्री वर्मा ने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव वासियों ने महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता की परंपरा को वर्षों से सहेज कर रखा है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम जिलेवासियों को सौगात मिली है। राजनांदगांव जिला हॉकी और झांकी के लिए प्रसिद्ध है तथा जिले की हॉकी की नर्सरी के रूप में एक अलग पहचान बनी है। शिक्षा के साथ ही संस्कार जरूरी है। संस्कारधानी राजनांदगांव में अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम फिर से एक अलग नए स्वरूप में आएगा। यहां फ्लड लाईट, एस्ट्रोटर्फ एवं खेल संबंधी अन्य सुविधाएं खिलाडिय़ों को मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरकार डबल इंजन की सरकार है। केंद्र शासन की खेलो इंडिया योजना को प्रदेश में क्रियान्वित किया जा रहा है। प्रदेश की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने एवं निखारने निरंतर कार्य किया जा रहा है।
पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि राजनांदगांव वासियों की इच्छाशक्ति से महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम को एस्ट्रोटर्फ युक्त करने के साथ ही अन्य खेल सुविधाएं भी प्रदान की गई। जन सहयोग, खेल विभाग, राजगामी संपदा न्यास, शासन-प्रशासन के सहयोग से राजनांदगांव में सफलतापूर्वक यह आयोजन किया जाता रहा है।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि संस्कारधानी में 80 वर्ष की उपलब्धियां रही हैं और कई पीढिय़ां इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनी है। राजनांदगांववासियों ने दिल से इस आयोजन को संजोया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की स्थापना जिले में की गई है, लेकिन समय के साथ यहां बदलाव की जरूरत है। खेल मंत्री टंकराम वर्मा के माध्यम से एस्ट्रोटर्फ एवं अन्य खेल सुविधाएं जिले को मिलती रहेगी। यहां के हॉकी और झांकी की गूंज हमेशा बनी रहेगी।
इस अवसर पर प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण करते अतिथियों ने विजेता टीम को आयोजन समिति द्वारा विशाल चांदी की ट्रॉफी एवं छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया द्वारा प्रदत्त 5 लाख रुपए, आयोजन समिति द्वारा उपविजेता टीम को विशाल चांदी की ट्रॉफी एवं समाजसेवी बहादुर अली द्वारा प्रदत्त 3 लाख रुपए, तृतीय स्थान प्राप्त टीम आर्मी इलेवन सीएन तिवारी ट्रॉफी एवं रमेश नरेश डाकलिया द्वारा प्रदत्त 51 हजार रुपए और चौथा पुरस्कार सेल अकादमी को अंतरराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे द्वारा प्रदत्त ट्रॉफी एवं 21 हजार रुपए प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार एयरफोर्स के पीई पोन्नना को पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग द्वारा प्रदत्त आकर्षक ट्रॉफी एवं 5 हजार रुपए, राजेश जैन द्वारा प्रदत्त मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तरूण यादव सेल अकादमी को मनीष कमलेश गौतम द्वारा आकर्षक ट्रॉफी एवं 11 हजार रुपए, स्पर्धा की विजेता उपविपजेता व तीसरे स्थान आई टीम को भिलाई के वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अनूप श्रीवास्तव द्वारा विशाल आकर्षक कप प्रदान किया गया। इस अवसर पर निर्णायकों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर खूबचंद पारख, सुरेश एच लाल, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, राजेश गोलछा, दिनेश गांधी, नरेश डाकलिया, विनोद खांडेकर, किशुन यदु, अजीत जैन, तरुण लहरवानी, हर्ष रामटेके, बहादुर अली, अंजुम अल्वी, बलदेव सिंह भाटिया, छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, पूर्व ओलम्पियन रेणुका यादव, कलेक्टर व आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, एसडीएम राजनांदगांव अरुण वर्मा, संयुक्त कलेक्टर व प्रभारी अधिकारी खेमलाल वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं देश के कोने-कोने से पहुंचे हॉकी खिलाड़ी एवं उनके प्रशिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित थे।