राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी। पुलिस महकमे में एक महत्वपूर्ण फेरबदल देर रात को एक आदेश में राजनांदगांव रेंज के आईजी के तौर पर डीआईजी दीपक झा को जिम्मेदारी मिली है।
2007 बैच के आईपीएस झा ने अपनी सर्विस की शुरूआत एसडीओपी के तौर पर अविभाजित राजनंादगांव के खैरागढ़ से की थी। उस दौरान उन्होंने अवैध शराब के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया था। जिसके चलते खैरागढ़ में खलबली मच गई थी। वहीं उन्होंने नक्सल क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए थे। सरकार ने झा को हाल ही में मुख्यमंत्री के सचिव बने राहुल भगत की जगह आईजी पदस्थ किया है। हालांकि झा प्रभारी आईजी की हैसियत से रेंज के चार जिलों को सम्हालेंगे। पुलिस महकमे में झा की अच्छी साख है। उन्हें नियम पसंद अफसर माना जाता है।
झा ने एसपी के रूप में कोंडागांव, महासमुंद, बालोद, बस्तर, रायगढ़, बिलासपुर और बलौदाबाजार जिले में कार्य किया। वर्तमान में झा डीआईजी पद पर पदोन्नत हैं। प्रभारी आईजी के रूप में उन्हें राजनंादगांव भेजा गया है। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते श्री झा ने कहा कि जल्द ही प्रभार सम्हालेंगे और शासन के निर्देशानुसार कार्य करेंगे। झा को सामुदायिक पुलिसिंग के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने नक्सल क्षेत्र बस्तर में आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया था। शहरी पुलिसिंग में भी वह काफी सख्त माने जाते हैं। रायगढ़ में पदस्थ रहते उन्होंने ट्रैफिक को लेकर विशेष सुधार अभियान चलाया था। बहरहाल आईजी रेंज गठन के बाद दीपक दूसरे आईजी नियुक्त किए गए हैं।