राजनांदगांव

प्रदेश के 20 हजार गांव तक जाएगी भाजपा
31-Jan-2024 4:13 PM
प्रदेश के 20 हजार गांव तक जाएगी भाजपा

प्रदेश संयोजक ने कार्यशाला को किया संबोधित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जनवरी।
जिला भाजपा कार्यालय में गांव चलो अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला का मार्गदर्शन करते राजनांदगांव लोकसभा के प्रभारी व अभियान के प्रदेश संयोजक नारायण चंदेल ने कहा कि इस अभियान के तहत यह अभियान 4 फरवरी से 11 फरवरी तक देशभर में चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत देश के 7 लाख व प्रदेश के 20 हजार गांव तक भाजपा के नेता, कार्यकर्ता, विधायक, मंत्री तथा पार्टी के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर रात्रि विश्राम गांव में ही करेंगे। 

इस अभियान की कार्यशाला राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर हो चुकी है। अब यह कार्यशाला जिला स्तर पर आहूत की गई है। इसके बाद 3 फरवरी तक मंडल स्तर पर कार्यशाला होगी और 4 फरवरी से अभियान प्रारंभ हो जाएगा।

श्री चंदेल ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखकर यह अभियान पार्टी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह गांव चलो अभियान जरूर है, किन्तु शहरी क्षेत्रों के वार्डों में भी यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 50 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करने का है, पिछले विधानसभा चुनाव में हमें 46 प्रतिशत वोट मिले थे। कम से कम 10 प्रतिशत मतों की वृद्धि हो, यह इस अभियान का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भारत ग्रामीणों का देश है, गांव की उन्नति में ही देश की तरक्की व खुशहाली निहित है, इसलिए सभी कार्यकर्ता जी-जान से इस अभियान में जुटे हैं।

बैठक के प्रारंभ में जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने विषय की रूपरेखा रखी। मुख्य अतिथियों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी व भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान नेताओं का पुष्पहार से स्वागत किया गया। मंच पर वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, सचिन बघेल, मधुसूदन यादव, नीलू शर्मा, गीता घासी साहू, प्रतिक्षा भंडारी, चन्द्रिका डड़सेना, भरत वर्मा, राजेन्द्र गोलछा, सावन वर्मा, आकाश चोपड़ा, तरूण लहरवानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा के महामंत्री रविन्द्र वैष्णव ने किया। 
 


अन्य पोस्ट