राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में 2 साल का धान का बकाया बोनस राशि अंतरित किया जाएगा। यह दिन किसानों के लिए खुशियों की झोली लेकर आ रहा है। इस तिथि को किसानों के खाते में 2 साल का धान का बकाया राशि किसानों के खाते में अंतरित किया जाएगा। राज्य के साथ ही जिले के किसानों को इस दिन का खास इंतजार है।
कल 25 दिसंबर सुशासन दिवस के अवसर पर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 में समर्थन मूल्य पर धान बेचेने वाले किसानों के खाते में 2 साल का बकाया बोनस राशि अतंरित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत वर्ष 2014-15 में 14446 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया था। इसी प्रकार वर्ष 2015-16 में 9269 किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया गया है। वर्ष 2014-15 के लिए 14446 किसानों को 17 करोड़ 81 लाख 51 हजार रुपए की राशि अंतरित किया जाएगा। इसी तरह 2015-16 के लिए 9269 किसानों को 7 करोड़ 18 लाख 69 हजार रुपए की राशि अंतरित किया जाएगा। इस प्रकार से दोनों वर्ष को मिलाकर जिले के 23715 किसानों को 25 करोड़ 20 हजार रुपए की राशि किसानों के खाते में अंतरित किया जायेगा।
विदित हो कि छत्तीसगढ़ में नवगठित सरकार के द्वारा चुनावी घोषणा पत्र में किसानों के 2 साल की धान की बकाया बोनस राशि दिए जाने का संकल्प घोषित किया गया था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में लिए गए निर्णय के अनुसार किसानों के खाते में बकाया राशि अंतरित किया जा रहा है। इस दिन को खास बनाने के उद्देश्य से जिला स्तर, जनपद स्तर एवं नगरी निकाय स्तर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऑनलाइन माध्यम से किसानों के खाते में बकाया बोनस राशि अंतरित करेंगे।