राजनांदगांव

काली माई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
24-Dec-2023 4:44 PM
काली माई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 24 दिसंबर। भरकापारा स्थित काली माई मंदिर से शनिवार को महाकाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएं पीली साड़ी पहने सिर में 700 मंगल कलश धारण किए थे। शोभायात्रा में भगवान शिव का डम-डम डमरू वादन,  शंख ध्वनि सहित झांझ-मंजीरे की झंकार सुनाई दी। शोभायात्रा में भव्य रथ में सवार भगवान श्रीचन्द्र मौलेश्वर महाकाल का दर्शन करने लोगों की भीड़ उमड़ी।

शोभायात्रा में  भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा शामिल हुए। शहर के पॉश कालोनी विकास नगर में कल 23 दिसंबर से श्री चंद्रमौलेश्वर महाकाल शिव पुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।  कथा वाचक जूनागढ़ गुजरात के कथा शास्त्री ईश्वर चन्द्र व्यास हैं। सिंघोला स्थित श्रीचन्द्र मौलेश्वर महाकाल मंदिर के प्रमुख पवन डागा ने बताया कि उनके पिता स्व. राधा किशन डागा व स्व. सीता देवी की पुण्य स्मृति में उनके निवास स्थान विकास नगर लखोली में श्री चंद्रमौलेश्वर महाकाल शिव पुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।  23 से 30 दिसंबर तक विकास नगर लखोली में सात दिनों तक धर्म/अध्यात्म गंगा बहेगी।

इस दौरान डीजे सांउड सिस्टम, धुमाल बाजे, बैंड-बाजे की धुन में महाकाल की भक्ति में झूमते शहर भ्रमण करते भक्तजन काली माई मंदिर भरकापारा से माहेश्वरी भवन, तिरंगा चौक, गंज चौक, लखोली नाका चौक होकर विकास नगर लखोली स्थित कथा स्थल शिवधाम पहुंची।  इधर रोजाना सुबह 9 से 12 व दोपहर में 3 से 6 बजे तक महाकाल लोक विकास नगर में कथा शास्त्री ईश्वर चन्द्र व्यास के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण की कथा प्रवाहित हो रही है।


अन्य पोस्ट