राजनांदगांव

पुरानी रंजिश के चलते भरमार बंदूक से व्यापारी की कार में दागी थी गोली
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर। अंबागढ़ चौकी इलाके में तीन दिन पहले एक व्यापारी को जान से मारने की नियत से फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के सपड़ में आए आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते भरमार बंदूक से फायरिंग करने की बात को कबूल कर लिया है। हालांकि पुलिस इस मामले में और भी जांच कर रही है।
पुलिस को कुछ और जानकारियां मिलने की उम्मीद है। मिली जानकारी के मुताबिक अंबागढ़ चौकी शहर के रहने वाले सुरेश सोनी साप्ताहिक बाजारों में जाकर व्यापार करते हैं। बीते गुरुवार को जब वह पाटनवासड़ी गांव से साप्ताहिक बाजार से वापस लौट रहे थे, तब टाटेकसा गांव के एक चौराहे में उनके कार पर फायरिंग की घटना हुई। उस दौरान व्यापारी अपने साथी और हेल्पर के साथ कार में सवार था। फायरिंग से उनके साथी के कंधे में मामूली चोंटे आई।
व्यापारी पर फायरिंग की घटना को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया और सरगर्मी से आरोपी की खोजबीन शुरू की। इस बीच पुलिस ने घटनास्थल से 5 किमी दूर फायरिंग में प्रयुक्त भरमार बंदूक को जब्त किया। पुलिस को जांच में तीन आरोपियों की संलिप्तता की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते यह घटना हुई। इस संबंध में मोहला-मानपुर एसपी रत्ना सिंह ने 'छत्तीसगढ़' को बताया कि विवेचना जारी है। जल्द ही कुछ और तथ्य सामने आएंगे।