राजनांदगांव

चेन सिंह को मिली सीलन और कीड़े मकोड़े से मुक्ति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 दिसंबर। हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का मकान हो। जिसमें वह सुकून से अपने परिवार के साथ गुजर बसर कर सके। ऐसा ही सपना चेन सिंह साहू ने भी देखा। चेन सिंह साहू की पत्नी दशोदाबाई ने बताया कि उनके सपने को हकीकत में बदलने की कोशिश प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिये साकार हुई। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम रानीतराई निवासी चेनसिंह साहू की पत्नी दशोदाबाई ने बताया कि उनके पति मजदूरी करते हैं और 3 बच्चे है।
श्रीमती दशोदाबाई ने बताया कि पहले कच्चा जर्जर मकान था। जिसमें बारिश के दिनों में पानी टपकता था और हमेशा सीलन रहती थी। तालाब के नजीदीक होने के कारण बारिश में पानी भर जाता था और कीड़े-मकोड़े का डर बना रहता था। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी मिली। जिसकी मदद से अपना पक्का मकान बनाने का सपना साकार हुआ। अब किसी प्रकार की समस्या नहीं होती है।
घर में सीलन और कीड़े-मकोड़े से मुक्ति मिल गई है। पक्का मकान बनने से अतिरिक्त आय के लिए एक छोटा सा राशन दुकान भी अच्छे से चल पा रहा है। दशोदाबाई ने बताया कि घर में पक्का शौचालय बना है। जिसका उपयोग परिवार के सभी सदस्य करते हैं। दशोदा ने केन्द्र सरकार को धन्यवाद देते कहा कि प्रधानमंत्री की इस योजना से कच्चे मकान की समस्या से गुजर रहे लोगों को भी अपना पक्का मकान बनाने का मौका मिल रहा है।