राजनांदगांव
वनांचल के लोगों ने दी प्रतिक्रियाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को विधिवत शपथ लिया। मुख्यमंत्री को लेकर जिले के नागरिकों की प्रतिक्रियाएं सामने आई है। नागरिकगणों ने उत्साह और खुशी से लबरेज होकर अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त किया है।
ग्रामीण महिला पूर्णिमा मंडावी ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर उन्हें काफी आस जगी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महिलाओं के विकास और कल्याण के लिए नयापन के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महिलाओं की जरूरत और पीड़ा को समझेंगे। महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाएंगे। महिला सशक्तिकरण की दिशा में योजनाएं लाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगे।
इसी प्रकार ग्राम गोटाटोला के बुजुर्ग भूपेंद्र श्रीवास ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुजुर्गों की जरूरत को मर्मस्पर्श करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय उनके जैसे लोगों की कल्याण के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय को लेकर उनके मन में यह उम्मीद बना है कि मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का विकास करेंगे। छत्तीसगढ़ में नयापन देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के परिवर्तन होने से अनेक क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, बुजुर्गों के उत्थान के लिए अनेक कार्य होने की आस है।
युवा प्रशांत यादव ने कहा कि हम सभी युवा नए मुख्यमंत्री को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए युवाओं को रोजगार की के क्षेत्र में मजबूती के साथ जोडऩे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में अनेक बड़े काम होने की उम्मीद है।
व्यवसायी अवधेश पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री साय को लेकर नवीन जिला मोहला मानपुर अं.चौकी में बड़ी आस बनी है। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सभी वर्गों के विकास के लिए योजनाएं बनाएं। बेरोजगार लोगों के लिए रोजगार का सृजन करें। ग्राम मरापीटोला के बिजली रिपेयरिंग का कार्य करने वाले राकेश कोरेटी ने कहा कि हमें यह उम्मीद है कि नव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हम जैसे लोगों के हितों के लिए योजना बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हर हाथ को काम मिलना चाहिए। क्षेत्र और जनता के लिए विकास का कार्य होना चाहिए।
शिक्षित बेरोजगार युवा अनुराग कन्नौजे ने कहा कि जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी आदिवासी क्षेत्र है। आदिवासी क्षेत्र होने के चलते जिले का विकास तेजी से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जिला काफी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि नव मुख्यमंत्री साय से यह उम्मीद है कि वह पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए काफी तेजी से कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के विकास के लिए योजनाएं लाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएंगे।