राजनांदगांव

पति की हत्या की साजिशकर्ता पत्नी गिरफ्तार
10-Dec-2023 3:31 PM
पति की हत्या की साजिशकर्ता पत्नी गिरफ्तार

प्रेमी संग जीवन गुजारने पति को हटाया रास्ते से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 दिसंबर।
पति की हत्या की साजिशकर्ता पत्नी को पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी पर अपने प्रेमी संग मिलकर पति का कत्ल करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। पति के अंत्येष्ठि कार्यक्रम के बाद खैरागढ़ पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पहुंचकर महिला को गिरफ्तार कर ज्युडिशियल रिमांड में भेज दिया है। हालांकि पुलिस ने हत्या के आरोप में पूर्व में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार बीते 4 दिसंबर को गातापार थाना क्षेत्र के ग्राम टिंगामाली के एक नाले में  एक अज्ञात शव मिला था। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में शव की  ब्रजेन्द्र सिंह राजपूत 40 साल के रूप में शिनाख्ती हुई। 

विवेचना के दौरान यह बात सामने आई कि दो युवक  हेमंत वर्मा एवं तोवेन्द्र देवांगन उर्फ लाला के साथ मृतक को आखिरी बार देखा गया था। पूछताछ के लिए दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के समक्ष दोनों ने वारदात को अंजाम का खुलासा किया। 

पुलिस ने जांच में स्पष्ट तौर पर हत्या में शामिल दोनों आरोपियों के जरिये साजिशकर्ता के तौर पर मृतक की पत्नी प्रतिक्षा उर्फ  सोनम सिंह राजपूत 26 साल को भी गुनहगार माना। अंत्येष्ठि के लिए मृतक की पत्नी पन्ना जिले के गृहग्राम बिरासन चली गई थी। पुलिस को भनक लगी कि वह फरार होने की तैयारी में है। एक टीम भेजकर पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। 

पुलिस को दिए बयान में आरोपी महिला ने  बताया कि वह शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। मृतक आरोपी हेमंत वर्मा से प्रेम-प्रसंग के चलते आए दिन विवाद करता था। वह आरोपी के साथ जीवन-बसर करना चाहती थी, इसलिए ब्रजेन्द्र  राजपूत की हत्या की साजिश रची। 
 


अन्य पोस्ट