राजनांदगांव
पूर्व सीएम का दावा 50-55 सीट भाजपा के खाते में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया है। उनका मत है कि भाजपा 50 से 55 सीट के साथ राज्य में सत्तारूढ़ होने जा रही है। इस चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ मतदाताओं ने मत डाले हैं। चुनाव परिणाम के फौरन बाद विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय होगा।
विधानसभा चुनाव के खत्म होने के बाद पहली बार राजनंादगांव पहुंचे पूर्व सीएम ने मीडिया से बातचीत करते कहा कि छत्तीसगढ़ में उत्साहजनक मतदान हुए हैं। यह सरकार विरोधी वोटिंग का संकेत है। इसमें कोई शक नहीं कि भाजपा छत्तीसगढ़ की बागडोर सम्हालने जा रही है। 3 दिसंबर को मतगणना में स्थिति साफ हो जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से चुनाव लड़ा। जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया गया है। कांग्रेस की नीतियां और योजनाएं बेअसर रही, इसलिए छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के विरोध में मतदान किया है।
उन्होंने टीएस सिंहदेव के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर करने के विषय पर कहा कि टीएस सिंहदेव के लिए कांग्रेसशासन में मुख्यमंत्री बनने का अच्छा अवसर था। 5 साल तक उन्होंने ढुलमुल रवैया अख्तियार किया, जिससे वह सीएम बनने से चूक गए। उन्होंने यह भी कहा कि 15 दिन के लिए टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाया गया। अब कांग्रेस की सरकार नहीं बन रही है तो बेवजह सिंहदेव जोर मार रहे हैं।


