राजनांदगांव

घर जमाई बनाने से खफा भाई ने बड़े भाई के सास-ससुर पर किया कातिलाना हमला
21-Nov-2023 12:23 PM
घर जमाई बनाने से खफा भाई ने बड़े भाई के सास-ससुर पर किया कातिलाना हमला

  खैरागढ़ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 नवंबर। खैरागढ़ जिले के गातापार जंगल थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में एक दंपत्ति पर कातिलाना हमला करने की घटना को पुलिस ने वारदात के चंद घंटों बाद सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि दंपत्ति के दामाद का छोटा भाई निकला। पुलिस ने जान से मारने की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते आरोपी को धरदबोचा है। केसीजी एएसपी नेहा पांडे ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घरेलू विवाद के चलते कातिलाना हमला किया गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक सिवनी गांव के रहने वाले कन्हैया लिल्हारे और उनकी पत्नी पुष्पा लिल्हारे पर 19-20 नवंबर की दरम्यानी रात को अचानक हमला हो गया। इस दौरान घर के बरामदे में सो रहे दंपत्ति की अज्ञात व्यक्ति ने लोहेनुमा हथियार से हमला किया। सबसे पहले पत्नी ने हमला होने पर शोर मचाया। पत्नी की आवाज सुनकर पति कन्हैया लिल्हारे ने आरोपी को भागते हुए पहचान लिया। जिसमें यह पता चला कि आरोपी उनके दामाद रेवत वर्मा का छोटा भाई नूतन वर्मा उर्फ पप्पू था। आरोपी ने कन्हैया द्वारा पकडऩे के दौरान उस पर भी वार किए। धारदार हथियार से कई बार उसने चेहरे और नाक-मुंह में वार किया। दंपत्ति के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो गया। 

पुलिस का कहना है कि आरोपी नूतन वर्मा बड़े भाई के ससुराल में जाकर बसने से काफी नाराज था। दिवाली त्यौहार मनाने के बाद दंपत्ति के दामाद और बेटी गांव में आ गए थे। इसी बात को लेकर 17 नवंबर को कन्हैया लिल्हारे के समधी गामा वर्मा अपने बेटे नूतन वर्मा को लेकर घर पहुंचे। उस दौरान रेवत वर्मा अपनी सास पुष्पा के साथ खेत में काम कर रहा था। वहां पहुंचकर  आरोपी नूतन वर्मा ने संपत्ति बंटवारे को लेकर हंगामा किया। आपसी विवाद के बीच आरोपी और उसके भाई के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। पुष्पा के बीच-बचाव करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके एक दिन बाद 19 और 20 नवंबर की आधी रात को आरोपी ने दंपत्ति पर जान से मारने के इरादे से हमला किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी छोटी बहन की शादी के समय लिए गए कर्ज चुकाने में मदद नहीं करने से बड़े भाई के रवैये को लेकर भी नाराज था।


अन्य पोस्ट