राजनांदगांव

रमन के गढ़ में राहुल भरेंगे हुंकार, नड्डा की ठेलकाडीह में जंगी सभा
28-Oct-2023 1:01 PM
रमन के गढ़ में राहुल भरेंगे हुंकार, नड्डा की ठेलकाडीह में जंगी सभा

राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी से चुनावी प्रचार हुआ तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अक्टूबर।
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी कल 29 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्र राजनंादगांव में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के गढ़ में चुनावी हुंकार भरने गांधी के सभा को  सफल बनाने के लिए पार्टी स्तर पर अथक प्रयास किया जा रहा है। 

राजनीतिक तौर पर गांधी की मौजूदगी को पार्टी प्रत्याशी के जीत के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ. सिंह के खिलाफ ताल ठोंक रहे गिरीश देवांगन के समर्थन में गांधी लोगों से सहयोग की अपील करेंगे। इसके बाद वह कवर्धा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने रवाना हो जाएंगे। स्थानीय स्टेट हाईस्कूल मैदान में गांधी की सभा की तैयारी की जा रही है।  

बताया जा रहा है कि गांधी के सभा में कांग्रेस के सभी प्रत्याशी उपस्थित रहेंगे। राहुल लगभग 5 साल बाद राजनांदगांव में चुनावी सभा में भाग लेंगे। 2018 के विस चुनाव में उन्होंने घोषणा पत्र राजनांदगांव से ही जारी किया था। इधर भाजपा भी राष्ट्रीय नेताओं को चुनावी मिशन में उतार रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा डोंगरगढ़ विधानसभा के ठेलकाडीह में एक जंगी सभा को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा को सफल बनाने के लिए पार्टी पूरजोर कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय नेताओं के आने की तादाद में बढ़ोत्तरी होगी। 5 नवंबर तक सभी विधानसभा में दिग्गज नेता अपनी-अपनी पार्टी के लिए धुंआधार प्रचार करेंगे।


प्रियंका भी 30 को घुमका में

कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी भी चुनावी रण में पार्टी के पक्ष में प्रचार करेगी। 30 अक्टूबर को वह डोंगरगढ़ विधानसभा के घुमका में सभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका कांग्रेस प्रत्याशी हर्षिता के पक्ष में आम जनता को संबोधित करते मतदान करने की अपील करेगी। यह पहला मौका है जब प्रियंका राजनांदगांव जिले में पहली बार पहुंचेगी।
 

 


अन्य पोस्ट