राजनांदगांव

भाजपा से जुड़े साहू समाज अध्यक्ष ने अकबर की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थामा
28-Oct-2023 12:53 PM
भाजपा से जुड़े साहू समाज अध्यक्ष ने अकबर की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थामा

भाजपा को चुनावी जंग के बीच बड़ा झटका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अक्टूबर।
प्रदेश के सबसे चर्चित विधानसभा कवर्धा में एक बड़े सियासी उलटफेर में भाजपा को झटका लगा है। पार्टी से जुड़े साहू समाज के जिलाध्यक्ष शीतल साहू ने अपने साथियों संग कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बदलते सियासी परिस्थितियों के बीच कांग्रेस इस सफलता के जरिये चुनावी रण में मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। 

कांग्रेस प्रत्याशी व प्रदेश सरकार के मंत्री मोहम्मद अकबर की मौजूदगी में अध्यक्ष शीतल साहू के साथ महामंत्री बालाराम साहू, उपाध्यक्ष कौशल साहू ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बताया जा रहा है कि साहू समाज इस बात से खफा है कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग में सबसे अव्वल माने जाने वाले समाज को चुनाव मैदान से दूर रखा। 

कबीरधाम जिले की दोनों सीटों में ओबीसी वर्ग की बहुतायत है। कवर्धा विधानसभा में 60 हजार से ज्यादा साहू समाज के मतदाता हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने साहू समाज को ही उम्मीदवार बनाया था, लेकिन 2023 के चुनाव में गैर साहू समाज के विजय शर्मा को प्रत्याशी बनाया। वहीं बगल की सीट पंडरिया में जैन समाज की भावना बोहरा को उम्मीदवार बनाने से समाज भाजपा से रूष्ठ हो गया। 

बताया जा रहा है कि साहू समाज अध्यक्ष के इस कदम से भाजपा  को तगड़ा झटका लगा है। सियासी रण में कांग्रेस के लिए यह फैसला काफी मुफीद साबित हो सकता है।
 

 


अन्य पोस्ट