राजनांदगांव

सडक़ों में पदयात्रियों का बढ़ा रेला
18-Oct-2023 12:45 PM
सडक़ों में पदयात्रियों का बढ़ा रेला

युवाओं संग युवतियां-महिलाएं भी शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अक्टूबर।
क्वांर नवरात्र के चौथे दिन सडक़ों में पदयात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से श्रद्धालुओं पदयात्रा करते धर्मनगरी डोंगरगढ़ में पहाड़ों वाली मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने आगे बढऩे लगे हैं। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पदयात्रियों में युवक-युवतियों व महिलाएं माता का दर्शन करने माता बम्लेश्वरी की जयकारा करते आगे बढऩे लगे हैं। 

डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में माथा टेकने जिले समेत प्रदेश व देशभर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। वहीं श्रद्धालुओं व पदयात्रियों की सुविधा को लेकर समाजसेवी संस्थाओं के अलावा जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन ने समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। नवरात्र पर्व के दौरान डोंगरगढ़ में कुछ एक्सप्रेस टे्रनों का ठहराव भी सुनिश्चित किया है। 

इधर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग समेत समाजसेवी संस्थाओं ने भी पदयात्रियों की सुविधाओं के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की है। क्वांर नवरात्र शुरू होते ही शहर के पदयात्री मार्ग में धर्मनगरी डोंगरगढ़ स्थित पहाड़ी पर मां बम्लेश्वरी का दर्शन करने वाले पदयात्रियों का रेला दिखने लगा। दर्शनार्थियों की उमड़ी भीड़ से शहर में  चहल-कदमी भी बढ़ गई है। शहर समेत अन्य शहरों से पहुंचने वाले पदयात्री ग्रुप बनाकर सडक़ के रास्ते अपनी मनोकामनाएं लिए पैदल माता के जयकारे लगाते आगे बढ़ रहे हैं। वहीं समाजसेवी संस्थाओं ने भी पदयात्री मार्ग में सेवा पंडाल लगाए हुए हैं, जहां  पदयात्रियों के आराम करने, पेयजल समेत चिकित्सा  सुविधा दी जा रही है। आगामी दिनों पदयात्रियों की संख्या में इजाफा होने का अनुमान बना हुआ है। नवरात्र के शुरू होते ही जिलेभर में भक्तिमय माहौल बना रहा। नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में मातारानी के जयकारे और पूजा-अर्चना का दौर देर रात तक बना रहा। इसके अलावा भक्तों द्वारा दीप प्रज्जवलित किया गया। नवरात्र पर्व के पहले दिन देर शाम तक पूजा पंडालों में मां दुर्गा व मां काली की प्रतिमाएं स्थापित करने का क्रम बना रहा। वहीं पूजा पंडालों समेत मंदिरों में जस सेवा गीतों का क्रम बने रहने से भक्तिमय माहौल बना रहा। 

नवरात्र पर्व आगामी 23 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इससे जिलेभर में भक्तिमय का माहौल निर्मित रहेगा। इसके अलावा जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने भी धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ हेतु जाने वाले पदयात्रियों की सुविधाओं के लिए भी तैयारी कर ली है। इधर नवरात्र पर्व से लोगों में उत्साह का माहौल है। नवरात्र पर्व शुरू होने के साथ ही शहर के बड़े मंदिरों में पूरे नौ दिन मां की पूजा-अर्चना होगी। वहीं घरों में भी पर्व को नियमानुसार मनाया जाता है। नौ दिन लोग अपनी मनोकामना के लिए कठिन व्रत रखते हैं। नवरात्र पर्व पर आगामी 23 अक्टूबर तक देवी मंदिरों व पूजा पंडालों में जस गीत व माता के जयकारों की गंूज से भक्तिमय माहौल बना रहेगा।

 


अन्य पोस्ट