राजनांदगांव

रमन को जन्मदिन पर बधाई देने लगा रहा तांता
16-Oct-2023 4:32 PM
रमन को जन्मदिन पर बधाई देने  लगा रहा तांता

मंदिरों में की पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन रविवार को शहर व जिले में धूमधाम से मनाया गया। उन्हें  बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन पर बधाईयां दी, फिर प्रदेश के महामहिम राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन की बधाई मिली। इसके बाद देश-प्रदेश के अनेक बड़े नेताओं की लगातार बधाईयां मिलती रही।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार डॉ. सिंह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे शहर की देवी शीतला माता मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। वे आस्था मूकबधिर संस्था में दिव्यांग बच्चों से भेंट कर उनके दुख दर्द को बांटा। वे नंदई चौक पहुंचे, जहां विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया था। इस शिविर में सामाजिक व सेवा का कार्य करने वाले दस से अधिक संस्थाओं को उन्होंने सम्मानित किया। उनका काफिला भाजपा कार्यालय पहुंचा, जहां  कार्यकर्ताओं की भीड़ थी।

इस दौरान पार्टी के अनेक मोर्चा-प्रकोष्ठों की ओर से अलग-अलग उनके द्वारा केक कांटे गए व मिष्ठान का वितरण किया गया। इस दौरान डॉ. रमन सिंह जिंदाबाद के नारे भी गूंजते रहे। उनके स्वागत सत्कार का कार्यक्रम लगभग दो घंटे तक चला। इस दौरान नागरिकों, कार्यकर्ताओं व सामाजिक संस्थाओं की लोगों ने उनका स्वागत अभिनंदन कर उन्हें विजयी होने की शुभकामनाएं दी।

 इसके बाद वे एक होटल में भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। तत्पश्चात ग्राम सिंघोला स्थित माता भानेश्वरी देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना किया। साथ ही गुरुद्वारा पहुंचकर लोगों का आशीर्वाद लिया और उनके स्वागत का अंतिम कार्यक्रम मोतीपुर आजाद चौक में आयोजित है।


अन्य पोस्ट