राजनांदगांव

विस स्तरीय संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री ने बूथ कार्यकर्ताओं में जोश भरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अक्टूबर। प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाओं व प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को आमजनता तक प्रचार-प्रसार करने व पुन: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस द्वारा पूरे 90 विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं में नई उमंग, जोश के साथ कांग्रेस का हाथ मजबूत करने को लेकर संकल्प शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिसको लेकर राजनांदगंाव विधानसभा क्षेत्र में 14 अक्टूबर को संकल्प शिविर का आयोजन किया गया।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू के संयुक्त तत्वावधान में 14 अक्टूबर को अनंत पैलेस जीई रोड पार्रीनाला बाईपास में विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, छग कृषक कल्याण मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, विधानसभा प्रभारी ब्रिजेश शर्मा की उपस्थिति में संकल्प शिविर संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही निरंतर विकास व अनेक जनहितकारी योजनाएं शुरू कर प्रदेश को विकसित राज्य बनाया। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफी, समर्थन मूल्य में धान खरीदी, बिजली बिल हाफ, तेंदूपत्ता खरीदी कर किसानों की अर्थव्यवस्था सुधारने का काम किया। हमारी सरकार ने प्रदेश के हर समाज के उत्थान के लिए, सामाजिक कार्यक्रमों के लिए जमीन व भवन निर्माण की राशि स्वीकृत कराया। गरीब, मजदूर के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए स्वामी आत्मानंद हिन्दी व इंग्लिश मीडिया स्कूल के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधा, प्रदेश की संस्कृति व छत्तीसगढ़ महतारी को संवारने का कार्य किया। हमारी सरकार सीधे किसान भाईयों को उनके उपज का सही दाम देेने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने केन्द्र की मोदी सरकार पर तंज कसते कहा कि हम पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों का धान खरीद रहे हैं, आप श्रेय लेना चाह रहे हैं। जबकि रमन सिंह के कार्यकाल का दो साल का बोनस किसानों को अब तक नहीं मिला है।
राजनांदगंाव विधानसभा प्रभारी बृजेश शर्मा ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम राजनांदगांव विधानसभा की यह महत्वपूर्ण सीट पर अपनी विजय सुनिश्चित करेंगे। स्वागत भाषण में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि राजनांदगांव के एक-एक बूथ के कार्यकर्ता आपके आने से जोश से लबरेज हैं और रमन सिंह की राजनांदगांव से विदाई तय है। आज कांग्रेस के हर बूथ का कार्यकर्ता यह संकल्प लेता है।
इस दौरान गिरीश देवांगन,जितेन्द्र मुदलियार, हेमा देशमुख, रूपेश दुबे ने बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
संकल्प शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल थे।