राजनांदगांव

झूठी सरकार को जनता नहीं करेगी पसंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी की दक्षिण मंडल की संगठनात्मक बैठक 1 अक्टूबर को भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, मंडल अध्यक्ष तरुण लहरवानी के सानिध्य में संपन्न हुई। बैठक में शक्ति केंद्र प्रभारी बूथ स्तर के प्रभारी एवं बूथ अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित थे।
बैठक की प्रस्तावना देते मंडल अध्यक्ष तरूण लहरवानी ने बताया कि आने वाले चुनाव में बूथ स्तर पर इस तरह से चुनाव रूपी युद्ध लडऩे के लिए कार्ययोजना को अंतिम रुप देने के लिए बैठक रखी गई है।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने कहा कि पिछले चुनाव में 36 वायदे करके कांग्रेस सत्ता में काबिज हुई थी। इस चुनाव में उन 36 वायदों को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी और कांग्रेस के वायदे किस तरह से झूठे साबित हुए, यह भाजपा कार्यकर्ता जनता को बताएंगे।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता डट जाएं और पन्ना प्रभारी बनाकर प्रत्येक परिवार को वोटिंग के लिए प्रोत्साहित करें तो शत-प्रतिशत वोटिंग होने से भाजपा का सरकार बनना तय है। कम वोटिंग होने से ही भाजपा का नुकसान होता है।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता सकरात्मक भाव से बूथ स्तर पर अपने कार्य को पूर्व की भांति ईमानदारी से करे और भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
डॉ. रमन सिंह के समय में राजनांदगांव एवं प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया, पूरे प्रदेश का नाम देश में एवं विदेश में रोशन हुआ। बैठक का संचालन हकीम खान एवं आभार प्रदर्शन गोलू गुप्ता ने किया।