राजनांदगांव

भाजपा शासनकाल रहा शोषण का 15 साल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 मई। प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने भरोसे के सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अलग-अलग न्याय योजनाओं के हितग्राहियों को राशि अंतरण को लेकर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि मुखिया भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की जनहितैषी योजनाओं और उनसे मिल रहे लाभ से जनता और विकास साथ कदम ताल कर रहे हैं।
जिपं सदस्य महेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सांकरा में भरोसे का सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वहां से जिले में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत 1 लाख 19 हजार 932 किसानों के खाते में 83 करोड़ 55 लाख 39 हजार रूपए हस्तांतरित किए हैं। राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत 16 हजार 271 हितग्राहियों को प्रथम किस्त की राशि 3 करोड़ 25 लाख 42 हजार रुपए, गोधन न्याय योजना के अंतर्गत 738653.80 किलोग्राम गोबर खरीदी पर पशुपालकों, गौठान समितियों एवं महिला स्वसहायता समूहों को 14 लाख 77 हजार 308 रुपए की राशि अंतरित की गई।
यही नहीं जिले के 159 स्वावलंबी गौठानों के 118 अध्यक्ष एवं 789 सदस्यों को 4 लाख 83 हजार रुपए के मानदेय का भुगतान किया गया। प्रति अध्यक्षों को 750 रुपए तथा प्रति सदस्यों को 500 रुपए प्रथम किस्त अंतर्गत मानदेय का भुगतान किया गया है। यह बड़ा बदलाव कांग्रेस की सशक्त आर्थिक नीतियों की ही देन है। नागरिकों की उन्नति के लिए समुचित उपाय और योजनाओं का खाका कांग्रेस ने तैयार किया और भाजपा के शासनकाल में 15 सालों से शोषित वर्ग को अब जाकर खुशहाली हासिल हो सकी।
श्री यादव ने कहा कि हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि अंतरण के बाद हर्ष व्याप्त है। शादियों के सीजन और खरीफ फसल की तैयारियों के लिए यह राशि किसानों के काफी काम आएगी। गौठानों के माध्यम से हुई कमाई से भी ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिला है। सरकार से मिली सौगात के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते आभार प्रकट करता हूं।