राजनांदगांव

भूपेश बघेल हिन्दुस्तान के 'सबले लबरा' मुख्यमंत्री- रमन
23-May-2023 12:01 PM
भूपेश बघेल हिन्दुस्तान के 'सबले लबरा' मुख्यमंत्री- रमन

राजनांदगांव, 23 मई। राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में पिछले दो दिनों से 'जाबो गौठान-खोलबो पोल' अभियान के तहत गौठानों का निरीक्षण कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को ग्राम फुलझर, ककरेल व ग्राम पार्री के गौठानों का निरीक्षण किया। तत्पश्चात डॉ. सिंह आयोजित चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों की भीड़ भरी सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हिन्दुस्तान का सबसे लबरा मुख्यमंत्री का खिताब देते कहा कि गौठानों में तेरह सौ करोड़ रुपए भूपेश सरकार ने खर्च कर दिया, लेकिन गौठानों की माली दशा बद् से बद्तर है, न गौठानों में पशुओं के लिए चारा है, न उनके पीने के पानी की व्यवस्था है, न बाउंड्रीवॉल है और न ही गोबर खरीदी हो रही है, न तो गौमूत्र की खरीदी हो रही है, उल्टे जो शेड भी बने हैं वो भी आधे-अधूरे हैं। हालात यह है कि गौठानों में आदमी के पांव के निशान तो है, किन्तु गौमाता के खूर का निशान किसी भी गौठान में देखने नहीं मिला।

सरपंच-गौठान समितियां परेशान
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार डॉ. रमन सिंह ने गौठानों में भारी भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाते कहा कि केन्द्र सरकार के मनरेगा की राशि का पूरा पैसा राज्य सरकार ने गौठानों में खर्च कर दिया है। गौठान समितियों को किसी भी प्रकार की सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। सरपंच और गौठान समितियां फंड को लेकर परेशान है, मनरेगा का लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद भी उनको राशि प्रदान नहीं कि गई है। अव्यवस्था का आलम इस कदर है कि गौधन यहां दूर-दूर तक नजर नहीं आते। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को निशानें पर लेते कहा कि भूपेश बघेल चुनाव जीतने के पूर्व जोर-शोर से शराबबंदी का वायदा किया था, किन्तु सरकार के साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी शराबबंदी तो दूर रही, पर शराब की बोतलें घर-घर पहुंचाई जा रही है। हजारों-करोड़ों का शराब घोटाला इस सरकार के ताबूत में आखिरी कील होगी। मजेदार तथ्य यह है कि इस दौरान शराब की कीमतों में रिकार्ड 60 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। इसी तरह चांवल घोटाला, कोयला घोटाला जैसे घोटालों की अंतहीन कहानियों से सरकार का कारोबार चल रहा है। ये सरकार अब बस चंद दिनों की मेहमान रह गई है।

ग्रामीणों ने रमन का किया स्वागत
इस दौरान डॉ. रमन सिंह का ग्रामीणों ने अभूतपूर्व और जोशीला स्वागत किया। सर्वप्रथम ग्राम फुलझर में डॉ. सिंह के आगमन पर गाजे-बाजे के साथ भारत माता की जयघोष करते ग्रामीणों के विशाल समूहों ने उनका आत्मीय स्वागत किया, उन्हें फूलमाला से लाद दिया तथा एक बड़ी रैली के रूप मेंं गौठान का निरीक्षण कराया। इसके बाद ग्रामीणों की एक बड़ी चैपाल हुई। जिसमें ग्राम के पूर्व सरपंच हरिशंकर देशमुख ने अपने स्वागत भाषण में डॉ. सिंह के 15 वर्षो के कार्यकाल की उपलब्धियों का बयान करते कहा कि उस दौरान ग्राम में 5 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य हुए थे। आज गांव में जो विकास हुआ है वह डॉ. रमन सिंह की देन है।

इस अभियान में उनके साथ प्रमुख रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, आकाश चोपड़, हरिनारायण देशमुख, हेमदीप साहू, खिलेश्वर साहू, संदीप साहू, गोपाल साहू, कृष्णा साहू, नरसिंग यदु, दिलीप यदु सहित बड़ी संख्या में ग्राम फुलझर, ककरेल व पार्री के ग्रामीणजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट