राजनांदगांव

राजनांदगांव, 23 मई। महाराजपुर में आयोजित किसान चौपाल में पहुंचे जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं ने किसानों को समृद्ध और मजबूत बनाया है। यही कारण है कि देश में छत्तीसगढ़ का किसान सबसे अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने किसानों से किया हर वादा निभाकर उनका भरोसा जीता है। किसानों के मजबूत होने से ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है।
नवाज ने कहा कि प्रदेश में किसानों के हित में आगे भी कई काम करने को लेकर तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही किसान चौपाल में पहुंचे किसानों को उन्होंने गन्ने की खेती के बारे में जानकारी दी और उससे होने वाले फायदे के बारे में बताया। इस दौरान नवाज के साथ क्रांति बंजारे, मदन साहू, चुम्मन साहू, राजकुमारी सिन्हा, मनोज सिन्हा, तरुण सिन्हा, लाईराम, रामछत्री, रज्जूराम, सुनील लारोकार, अमित अग्रवाल, भवीराम सहारे, जागेश्वर सहित अन्य उपस्थित रहे।
हर दाना खरीदेगी सरकार
नवाज ने किसानों से कहा कि भूपेश सरकार जब तक रहेगी, किसानों के हित में काम होते रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की हालात को समझते हुए ही धान की कीमत 25 सौ रुपए किया गया था, जो अब बढ़कर 2640 तक जा पहुंची है। ऐसे ही सरकारी खरीदी के बाद भी किसानों के पास धान बच रहा था, जिसको देखते 15 की जगह अब 20 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी करने का ऐलान किया गया है। इन निर्णय का सीधा असर किसान और उसके परिवार पर पड़ेगा।
भोज का भी आयोजन
जिले के महाराजपुर में आयोजित किसान चौपाल के बाद कार्यक्रम में शामिल होने आए सभी के लिए भोज भी रखा गया था। नवाज ने पहले किसानों की पंगत को भोजन परोसा और उसके बाद उनके साथ बैठकर उसका आनंद भी लिया। इस दौरान नवाज ने किसानों से चर्चा कर उनकी समास्याओं के बारे में भी जानकारी ली और जल्द समाधान का अश्वासन दिया है।
गन्ना उगाएंगे किसान
किसान चौपाल महाराजपुर में शामिल होने आए हजारों किसानों में से ही बड़ी संख्या में अन्नदाताओं ने आगामी दिनों में गन्ने की खेती को अपनाने की बात कही। गन्ना उत्पादन के बारे में मिली जानकारी से उत्साहित किसानों ने बैंक अध्यक्ष के समक्ष ही इस अभियान को भी काफी सराहा। इसके अलावा भी अपनी समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया।