राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मई। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता का आयोजन 23 मई से 3 जून तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत कबड्डी प्रतियोगिता 23 से 27 मई 2023 तक नोएडा में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता हेतु चयनित हेमचंद यादव विश्व विद्यालय दुर्ग की महिला कबड्डी टीम में 12 खिलाडिय़ों में से 5 खिलाड़ी शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की है।
जिसमें छाया चन्द्रवंशी, पूनम चन्द्रवंशी, संगीता, संतोषी एवं कामिनी पुरामे शामिल हैं।
उक्त प्रतियोगिता हेतु शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव की छात्राएं शालिनी उसारे, वैशाली एवं भावना है। महाविद्यालय की क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने जानकारी दी कि इसके पूर्व सत्र 2019-20 में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की टीम को कास्य पदक प्राप्त हुआ था और उसमें 6 छात्राएं शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की थी।
हेमचंद यादव विश्व विद्यालय, दुर्ग की टीम 20 मई को नोएडा के लिए रवाना होगी। टीम के मैनेजर डॉ. दिनेश नामदेव एवं कोच डॉ. नीता एस. नायर है। जिला कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष डीडी साहू एवं ललित साहू के मार्गदर्शन में विगत कई वर्षो से कबड्डी के क्षेत्र में कमला कॉलेज की छात्राओं ने यह राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक प्राप्त किए हैं। छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. नीता एस. नायर एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं दी।