राजनांदगांव

पार्षदों का आरोप : कलेक्टर नपं अध्यक्ष को बचाव का दे रहे पूरा मौका
12-May-2023 2:43 PM
पार्षदों का आरोप : कलेक्टर नपं अध्यक्ष को बचाव का दे रहे पूरा मौका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई।
छुरिया नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का आवेदन दे चुके छुरिया के पार्षदों ने जिला प्रशसन पर सवाल उठाया है। गुरुवार को नगर पंचायत के पार्षदों ने प्रेसवार्ता लेकर कलेक्टर की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।

पार्षदों ने प्रेसवार्ता में कहा कि 18 अप्रैल को ही नपं अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए कलेक्टर को आवेदन दिया जा चुका था। कार्रवाई आगे नहीं बढ़ता देख नपं के 11 पार्षदों ने दोबारा कलेक्टर से मिलकर कार्रवाई शुरू करने की मांग की, लेकिन अब तक कलेक्टर ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि कलेक्टर डोमन सिंह नगर पंचायत अध्यक्ष को बचाव का पूरा मौका दे रहे हैं। यह लोकतंत्र के खिलाफ है। जबकि नपं के 15 में से 11 पार्षद अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में है। पार्षदों ने कहा कि बीते दिनों उपाध्यक्ष मनोज यादव पर जुआ एक्ट लगाकर गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई भी कांग्रेस के एक बड़े नेता व नपं अध्यक्ष के इशारे पर हुई है।

नपं उपाध्यक्ष पर हुई कार्रवाई को भी पार्षदों ने राजनीतिक षडयंत्र बताया है। पार्षदों ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि उन्हें नपं अध्यक्ष की ओर से लगातार धमकी और प्रलोभन दिया जा रहा है।


अन्य पोस्ट