राजनांदगांव

जन आंदोलन की ओर बढ़ रहा किसान चौपाल कार्यक्रम
08-May-2023 12:27 PM
जन आंदोलन की ओर बढ़ रहा किसान चौपाल कार्यक्रम

नवाज की मुहिम में वनांचल मोहला-मानपुर-औंधी के किसानों ने जुड़ाव की ओर बढ़ाया कदम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मई।
फसल चक्र परिवर्तन की गहरी समझ लिए जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान की अगुवाई में गन्ना फसल को बढ़ावा देने का अभियान को बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। गन्ना फसल के सकारात्मक फायदों को गिनाने के लिए बैंक अध्यक्ष  खान की मुहिम से किसान चौपाल कार्यक्रम जन आंदोलन का शक्ल अख्तियार कर लिया है। किसानों को आर्थिक संबलता देने के लिए चल रहे इस अभियान में मोहला-मानपुर और औंधी के किसानों ने गहरी दिलचस्पी दिखाई है। 

राजनांदगांव समेत मोहला-मानपुर और खैरागढ़ जिले में लगातार किसान चौपाल  कार्यक्रम से गन्ना खेती के फायदों की जानकारी दी जा रही है। राजनांदगांव जिला से करीब 150 किमी दूर औंधी में सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में खान ने किसानों के बीच खड़े होकर धान एवं अन्य फसलों के बजाय गन्ना खेती पर जोर दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के किसानों पर केन्द्रित योजनाओं की सार्थकता को समझते हुए गन्ना खेती को उपयोग और लाभकारी बताया। चिलचिलाती धूप में किसानों के संग लगातार  दो घंटे गन्ना खेती से समृद्धि और उसकी कम लागत पर खान ने बिन्दुवार जानकारी दी। किसान गन्ना खेती को एक भारी लागत का सौदा मान रहे थे, जब खान ने महज प्रति एकड़ में एक लाख से ज्यादा का नफा होने की जानकारी दी तो वहां मौजूद किसान हैरत में पड़ गए। 
कवर्धा के किसानों की गन्ना खेती से जीवन में आए बदलाव पर जानकारी देते खान ने औंधी क्षेत्र के 40 गांव के किसानों को सस्ते ब्याज दर पर फसल के लिए लोन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उनकी इस बात को सुनकर किसानों के चेहरे खिल उठे। औंधी क्षेत्र भी धान फसल के लिए जाना जाता है। खान ने गन्ना की खेती में पानी की कम उपलब्धता को धान की खेती के लिहाज से काफी बेहतर बताया। गौरतलब है कि मई के महीने में सिलसिलेवार किसान चौपाल कार्यक्रम दुरस्त इलाकों में प्रारंभ किया गया है। आहिस्ता-आहिस्ता यह कार्यक्रम एक जन आंदोलन का रूप लेते दिख रहा है। वनांचल के किसानों ने एक स्वर में गन्ना खेती के लिए रूख करने का फैसला किया है।


इन किसानों को भा गया गन्ना खेती का नुस्खा
औंधी क्षेत्र के तीन दर्जन गांव से ज्यादा के किसान सहकारी बैंक अध्यक्ष के नेतृत्व वाले चौपाल कार्यक्रम में पहुंचकर गन्ना खेती के लिए मिले नुस्खे से काफी प्रभावित हुए। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते सीतागांव के किसान सालिक मिंज ने बताया कि यह एक अच्छा प्रयास है। किसान के तौर पर वह गन्ना खेती करना पसंद करेंगे। बारकुंजी गांव के रहने वाले 4 एकड़धारी किसान राजेश मिंज ने भी गन्ना खेती फायदे सुनकर  बेहद प्रभावित हुए हैं। वह भी गन्ना का उपज तैयार करने दिलचस्पी रखते हैं। सरखेड़ा गांव के अखिलेश  परसभिया का कहना है कि आने वाले समय में पानी की कमी किसानों के लिए एक बड़ी समस्या बनेगी, ऐसे में गन्ना खेती से किसान अपनी दिशा और दिशा सुधार सकते हैं। औंधी से सटे रायमनोरा गांव की फूलकुंवारी  6 एकड़ में धान की जगह गन्ना की खेती करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से आसानी से सस्ते दर पर लोन दिया जा रहा है। इससे किसानों को गन्ना खेती करने में सहूलियत होगी। गट्टे गहन गांव की कमलाबाई भी 6 एकड़ पुश्तैनी खेती  की मालकिन है। उन्होंने किसान चौपाल में मिली जानकारी से प्रभावित होकर गन्ना खेती करने पर हामी भरी है। गट्टेगहन की ही रनईबाई भी अन्य किसानों की भांति गन्ना की खेती करेगी।


गन्ना खेती से किसान होंगे सशक्त : नवाज
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने किसान चौपाल कार्यक्रम के जरिये गन्ना खेती के प्रति किसानों को प्रोत्साहित करने की मुहिम पर कहा कि इससे किसान सशक्त होंगे। वैसे भी कार्यक्रम की मूल अवधारणा किसानों के जीवन में बदलाव करना है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री की किसानों को आर्थिक संबलता प्रदान करने की गहरे भाव लेकर योजनाएं बना रहे हैं। हमारा भी इसी सोच के तहत यह कार्यक्रम चल रहा है।


अन्य पोस्ट