राजनांदगांव
106 पदों पर भर्ती के लिए मिली अनुमति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 मई। अरसे बाद अब जिला सहकारी बैंक में नियुक्तियां की जाएगी। इन पदों पर व्यापम के जरिये भर्ती होगी। राज्य सरकार ने सहकारी बैंक में पदों की पूर्ति के लिए के लिए अनुमति दी है। इसमें व्यापम की परीक्षा द्वारा पदों की पूर्ति किए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि राज्य शासन ने कई अरसे बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में 106 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। जिसमें लिपिक और समिति प्रबंधक के रिक्त पदों पर व्यवसायिक शिक्षा मंडल द्वारा परीक्ष के माध्यम से भर्ती की जाएगी। वहीं बैंक कर्मियों को भी विभागीय परीक्षा देकर सहायक समिति प्रबंधक बनने का मौका दिया जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रक्रिया कल 8 मई से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में पिछले 2009 में कर्मचारियों की सीधी भर्ती हुई थी। इसके बाद सोसायटियों और बैंक की शाखाओं के लगातार बढऩे के कारण प्रबंधन स्टॉफ के संकट से जूझ रहा था। यही कारण है कि जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर भर्ती की अनुमति मांगी थी। सूत्रों के अनुसार बैंक में समिति प्रंबंधक के 211 पद रिक्त हैं। जिसमें शासन ने पहले चरण में 74 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। इसमें 37 पद व्यापम की परीक्षा द्वारा भरे जाएंगे। शेष 37 पदों के लिए समिति और लैम्स के कर्मियों को विभाीय स्तर पर होने वाली परीक्षा से भर्ती की जाएगी। इसके अलावा सामान्य सहायक लिपिक के 32 पदों पर व्यापम द्वारा भर्ती की जाएगी। बैंक में लिपिक के 82 पद रिक्त हैं। जिसमें शासन ने अभी 32 पदों के लिए स्वीकृति दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार व्यवसायिक शिक्षा मंडल द्वारा भर्ती के लिए कल 8 मई से आवेदन प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है। ज्ञात हो कि आरक्षण रोस्टर के कारण राज्य में पिछले सितंबर माह से भर्ती प्रक्रिया रूकी हुई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विभागों को तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। यही कारण है कि व्यापम ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली है।