राजनांदगांव

समिति ने मनाई 132वीं जयंती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 02 मई। आंबेडकर भवन निर्माण समिति ब्लॉक छुरिया द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू मुख्य अतिथि रही। उन्होंने यहां बाबा साहेब को नमन करते उनके विचारों और सिद्धांतों पर बात की। उन्होंने कहा कि भारत का प्रत्येक नागरिक आज जिस अधिकार के साथ लोकतंत्र व्यवस्था का भागीदार है, उस अधिकार को सुनिश्चित करने वाले बाबा साहेब का योगदान अतुल्य है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिकजन शामिल हुए।
कार्यक्रम में उन्होंने बाबा साहेब के विषय में चर्चा करते कहा कि वे सदैव ही समाज की विसंगतियों के खिलाफ रहे। उनके सिद्धांत अटल थे। वे मानवीयता की बातें कहते थे और वे जिस मार्ग पर चले वह इन विचारों से ही प्रभावित था। लोकतंत्र में न्याय और अधिकार की व्यवस्था उन्होंने सुनिश्चित की। संविधान का निर्माण एक बड़ी चुनौती थी, जिसे उन्होंने प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया। उनका जीवन स्वयं में ही दूसरों के लिए अनुकरणीय है। संपूर्ण विश्व ने उनकी प्रतिभा को सराहा है।
आयोजन में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रितेश जैन, जिला कांग्रेस प्रवक्ता राहुल तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी मनोज सिन्हा, एल्डरमैन शकील कुरैशी, वीरेंद्र टेम्भूरकर, केएल खोब्रागडे, शिवप्रसाद टेमरे, कौशिल्या सहारे, रसिका टेमरे, टोमिन बाई, अनिल बाघमारे, उमेश सहारे, कौशल लाऊत्रे, चंदू लाऊत्रे, फूलचंद सहारे, हेमराज सहारे, दीपक अंबादे, सेवक सहारे, जनक चौधरी के साथ अन्य सामाजिकजन उपस्थित रहे।