राजनांदगांव

वार्षिकोत्सव में चौरडिया का हुआ नागरिक अभिनंदन
01-May-2023 3:16 PM
वार्षिकोत्सव में चौरडिया का हुआ नागरिक अभिनंदन

 उदयाचल का 55वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 01 मई। समाजसेवी संस्था उदयाचल का 55वां वार्षिकोत्सव 29 अप्रैल को उदयाचल प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति एवं वर्तमान में उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष गौतम चौरडिय़ा का नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी महेंद्र धाड़ीवाल ने की। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी अशोक पगारिया रायपुर एवं उत्तमचंद भंडारी शामिल हुए।

संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी गौतम बाफना ने बताया कि अतिथियों का स्वागत करते उदयाचल के अध्यक्ष राजेन्द्र बाफना ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। संस्था के संरक्षक पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ने संस्था के प्रारंभ से लेकर आज तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि उत्तमचंद भंडारी ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हमेशा सहयोग देने की बात कही। विशिष्ट अतिथि अशोक पगारिया ने कहा कि बचपन से पचपन तक की अपनी यात्रा में संस्था की सेवा कार्यों में अपने सतत सहयोग की बात कही तथा आश्वस्त किया कि भविष्य में सेवा कार्यों में सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

समारोह अध्यक्ष महेंद्र धाड़ीवाल ने उदयाचल जैसी संस्था के साथ जुडक़र कार्य करने की बात कही और कहा कि आगे जब कभी भी सहयोग की जरूरत होगी, वो सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। अभिनंदन पत्र का पठन संस्था के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश श्रीश्रीमाल द्वारा किया गया।

बच्चों पर न बनाए दबाव

कार्यक्रम में गौतम चौरडिया ने बच्चों के माता-पिता से कहा कि कौन सा बच्चा किस क्षेत्र में आगे बढ़ जाए, इसे कोई नहीं जानता, इसलिए बच्चों पर दबव न बनाए। उन्होंने अपने जीवन के एक-एक पन्नों की परत-दर-परत खोलते अपने परिवार में अपनी जिम्मेदारी के बारे में बताया और माता-पिता की सेवा में तल्लीन अपने भाइयों की तारीफ की।

 उन्होंने अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने उन्हें तराशकर इस लायक बनाया। उन्होंने अपने पुराने दोस्तों का नाम लेकर पुरानी बातें याद दिलाई तथा इस आयोजन में पधारे न्यायाधीशों का धन्यवाद किया कि उन्होंने उन्हें इतना मान सम्मान दिया। इस अवसर पर उनका संस्था द्वारा फेटा पहनाकर तथा अभिनंदन पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर मोतियों की माला से उनका अभिनंदन किया गया।

उदयाचल महिला संगठन की अध्यक्ष ममता कोटडिया ने अपनी टीम के साथ तथा प्रतीक चोपड़ा युवा संगठन के संयोजक ने अपनी पूरी टीम के साथ ही नगर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक संस्थाओं तथा सम्मानीयजनों द्वारा श्री चौरडिय़ा का नागरिक अभिनंदन किया गया।

उदयाचल अवार्ड के अंतर्गत लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड संस्था के संरक्षक उत्तमचंद जैन तथा सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता का सम्मान बृजकिशोर सुरजन को दिया गया। स्व. हिम्मत भाई रायचा अवार्ड समर्पित सेवा का पुरस्कार विजय अग्रवाल को एवं केएल तिवारी अवार्ड क्रीड़ा के क्षेत्र में सहयोग हेतु प्रियंका श्रीरंगे को दिया गया। संस्थागत अवार्ड संस्थाओं में विशेष सहयोग हेतु श्री दादाजी ग्रुप वेलफेयर सोसाइटी तथा डॉ. स्व. चंदूलाल चोटिया स्मृति अवार्ड जो कि साहित्य सृजन अवार्ड के रूप में दिया जाता है, यह अवार्ड गौतम पारख को दिया गया। स्व. जुगलकिशोर सारडा सद्भावना अवार्ड सकल जैन संघ के अध्यक्ष मनोज बैंद को प्रदान किया गया। स्व. गंगाराम अग्रवाल अवार्ड नेत्र चिकित्सालय में विशेष सहयोग हेतु डॉ. प्रतीक जैन को दिया गया। श्यामसुंदर अग्रवाल अवार्ड संतोष शुक्ला तथा सर्वश्रेष्ठ नर्सिंग स्टाफ का सम्मान प्रीति दास को दिया गया। कार्यक्रम का संचालन इंदरचंद कोठारी एवं सुनील बरडिया तथा आभार प्रदर्शन सचिव धर्मेंद्र जैन द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट