राजनांदगांव

भूपेश सरकार ने किसानों का बढ़ाया सम्मान-नवाज
30-Apr-2023 11:52 AM
भूपेश सरकार ने किसानों का बढ़ाया सम्मान-नवाज

   किसान चौपाल के साथ भोज का किया गया आयोजन   

राजनांदगांव, 30 अप्रैल। किसानों को गन्ना की खेती से जोडऩे के लिए शुरू किए गए अभियान के तहत आयोजित की गई किसान चौपाल में संबोधित करते जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि प्रदेश को धान का कटोरा की पहचान दिलाने वाले अन्नदाताओं को सम्मान देने का काम भूपेश सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही उनको खेती में हर संभव मदद करने का काम प्रदेश सरकार कर रही है।

इतना ही नहीं नवाज ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी और 28 सौ रुपए दाम करने को भी ऐतिहासिक करार दिया। दरअसल शनिवार को जिला सहकारी बैंक के द्वारा जिले के ग्राम मोहनपुर चारभाठा में किसान चौपाल का आयोजन किया गया था। इस दौरान आसपास से सैकड़ों की संख्या में किसान इसमें शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इन्हीं किसानों को गन्ना की खेती के बारे में जानकारी देने के दौरान नवाज ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रशंसा किसान हितैषी फैसले लेने के लिए की। इस दौरान नवाज के साथ उदेलाल साहू, रामदास नागवंशी, दामोदर बागड़े, नरायण चंद्रवंशी, पंपलाल, विजय, उत्तम सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी के साथ अन्य उपस्थित रहे।

संगीत से योजनाओं का प्रचार
मोहनपुर चारभाठा में आयोजित किसान चौपाल के दौरान ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये ही प्रदेश सरकार की सफल योजनाओं का प्रचार किया गया। संगीत के साथ ही अन्य माध्यम से किसानों को उनके लिए भूपेश सरकार द्वारा किए गए कामों की जानकारी दी गई।

किसान भोज का आयोजन
जिला सहकारी बैंक बीते दो साल से इस तरह के आयोजन लगातार करता आया है। 29 अप्रैल से भी गन्ना की खेती से किसानों को जोडऩे के लिए अलग-अलग गांव में चौपाल लगाने की शुरूआत की गई है। शनिवार को आयोजित चौपाल में किसान भोज का भी आयोजन किया गया था। करीब दर्जनभर गांव से पहुंचे किसानों ने इस भोज में शामिल हुए। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने भी किसानों का स्वागत किया।

गन्ना खेती के लिए उत्साहित किसान
धान के अलावा किसानों को अन्य फसल से जोडऩे के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में जिला सहकारी बैंक ने भी मुहिम शुरू की है। बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने किसानों को गन्ना खेती से जोडऩे का जिम्मा उठाया है। प्रति एकड़ एक लाख रुपए लाभ इस खेती से जुड़कर किसान कमा सकते हैं। किसान चौपाल में शामिल होने आ रहे किसान भी इस मुहिम को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। बड़ी संख्या में किसानों ने धान के बदले गन्ना फसल लेने को लेकर सकारात्मकता दिखाई है।


अन्य पोस्ट