राजनांदगांव

गंदा पानी पीने मजबूर संतोषी नगर के रहवासी
20-Apr-2023 1:08 PM
गंदा पानी पीने मजबूर संतोषी नगर के रहवासी

नेता प्रतिपक्ष ने दूषित जल आपूर्ति पर जताई नाराजगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अप्रैल।
लखोली के संतोषी नगर के बाशिंदों को गंदा पानी से निजात नहीं मिल रहा है। पिछले दिनों मोहल्ले के बाशिंदों ने नगर निगम का घेराव कर अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया था। गंदा पानी पीने के लिए मजबूर संतोषी नगर के रहवासियों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। इधर लखोली वार्ड के संतोषी नगर में मटमैला पानी आने से लोगों को अपनी सेहत की चिंता सता रही है। निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने आज वार्ड का भ्रमण किया। वार्डवासियों ने दूषित जल सप्लाई को लेकर शिकायत की। संतोषी नगर में एक बड़ी आबादी निवासरत है।

बताया जा रहा है कि लखोली वार्ड संवेदनशील वार्डों में शुमार किया जाता है। पूर्व में यहां पीलिया व अन्य बीमारियों के फैलने के मामले सामने आ चुके हैं। खासतौर पर पीलिया के चपेटे में आने से अक्सर इस क्षेत्र के बाशिंदे शारीरिक समस्या से जूझते रहे हैं। खराब पानी पीने से वार्ड के लोगों को बीमार होने का खतरा दिख रहा है।  वार्डवासियों ने नेता प्रतिपक्ष के जरिये स्वच्छ जल सप्लाई करने की मांग की है।
 


अन्य पोस्ट