राजनांदगांव

छग सीनियर महिला हॉकी टीम ने उत्तराखंड को दी मात
19-Feb-2023 6:13 PM
छग सीनियर महिला हॉकी टीम ने उत्तराखंड को दी मात

राजनांदगांव, 19 फरवरी। हॉकी इंडिया नई दिल्ली द्वारा काकीनाडा (आंध्रप्रदेश) में आयोजित 13वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में राज्य की टीम का आज पहला मैच उत्तराखंड हॉकी के साथ खेला गया। जिसमें छत्तीसगढ़ सीनियर महिला हॉकी टीम ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते एकतरफा मुकाबले में 5-1 से जीत दर्ज की। टीम की मैनेजर आशा थॉमस ने बताया कि आज खेले गए  मैच में शुरुआती बढ़त छत्तीसगढ़ हॉकी ने ली, जब मैच के 6वें मिनट में छत्तीसगढ़ की पूजा यादव ने गोल कर अपनी टीम को 1 गोल से बढ़त दिलाई। टीम की ओर से मैच के 12वें मिनट में सुलोचना ने मैच के 15वें मिनट में सब्बी नाज अंसारी तथा मैच के 27वें मिनट अंजलि महतो ने लगातार 2 गोल कर छत्तीसगढ़ सीनियर महिला हॉकी टीम ने 5-1 से एकतरफा जीत हासिल की।

छत्तीसगढ़ सीनियर महिला हॉकी टीम का अगला मैच 21 फरवरी 2023 को झारखंड हॉकी के साथ खेला जाएगा। छत्तीसगढ़ की सीनियर महिला हॉकी टीम में शामिल अन्य खिलाडिय़ों में भूमिका उपाधयाय, वर्षा सोनकर, दीपा प्रजापति, गीतांजलि निर्मलकर, नीलिमा तिर्की, रुषाली कश्यप, धनेस्वरी कोर्राम, मेघा, पूजा नागले, कविता, वैशाली आर्य, अस्मिन खान, दामिनी सिंह, आरजू गुप्ता तथा आशा थॉमस मैनेजर व गजेन्द्र शर्मा कोच के रूप में शामिल हैं।

इस जीत के लिए छत्तीसगढ़ सीनियर महिला हॉकी टीम को छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव सहित छत्तीसगढ़ हॉकी परिवार ने बधाई देते उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट