राजनांदगांव
विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए पूर्व सांसद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 फरवरी। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह शनिवार को महाशिवरात्रि पर्व पर जिले के विभिन्न ग्रामों के जसगीत गायन और शिवरात्रि कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। श्री सिंह ने प्रदेश की जनता की उन्नति की प्रार्थना कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद श्री सिंह ने कहा कि शिव शंकर महादेव की महिमा अनुपम है। शिवरात्रि का पर्व श्रद्धालुओं में असीम श्रद्धा लेकर आता है। वह जिस गांव भी गए, सभी भक्तजनों के अंदर शिवजी के दर्शन हुए। शिवजी का पर्व स्वयं परमात्मा की सृष्टि पर अवतरित होने की स्मृति दिलाता है। उन्होंने कहा कि शिव का अर्थ ही कल्याण होता है। शिव सबका कल्याण करने वाले बाबा हैं, इसलिए महाशिवरात्रि पर सरल उपाय करने से ही इच्छित सुख की प्राप्ति होती है।
श्री सिंह ने कहा कि चंद्रमा शिव के मस्तक पर सुशोभित होता है। अत: चंद्रदेव की कृपा प्राप्त करने के लिए भगवान शिव को प्रसन्न किया जाता है और देवों के देव शिव ही प्राणियों को समस्त कष्टों से मुक्ति दिला सकते हैं । अभिषेक सिंह ने राजनांदगांव जिले के सभी कार्यक्रमों की प्रशंसा करते कहा कि देर रात को हेमू कलानी नगर स्थित शिव सेवा मंडल द्वारा निकाली गई बारात को देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा।
मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक सिंह दोपहर 2 बजे ग्राम ककरेल ने जसगीत प्रतियोगिता में शामिल हुए। तत्पश्चात 3.15 पर शंकरपुर स्थित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। 3.30 बजे नंदई चौक भगवान चंद्रमौलेश्वर की पगड़ी यात्रा में शामिल हुए, जहां अभिषेक सिंह को महाकाल की पालकी उठाने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। शाम 5 बजे ग्राम फरहद पनेका में जसगीत प्रतियोगिता में शामिल हुए। शाम 6 बजे ग्राम बरगा में आयोजित जसगीत प्रतियोगिता में अभिषेक सिंह शामिल हुए और 7 बजे ग्राम लिटिया में आयोजित जसगीत प्रतियोगिता में शामिल हुए। इसी तरह 8 बजे कन्हारपुरी के शिव मंदिर तिरंगा चौक तथा गौठान के पास आयोजित जसगीत प्रतियोगिता में शामिल होने के पश्चात हेमू कलानी नगर स्थित भगवान शंकर की बारात में अभिषेक सिंह ने भाग लिया।


