राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को शुक्रवार को समर्पण दिवस के रूप में मनाया गया। जिसके तहत प्रात: 11 सृष्टि कॉलोनी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।
तत्पश्चात दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय में एक संगोष्ठी सभा का आयोजन किया गया । जिसमें मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते बताया कि पं. उपाध्याय एक शानदार संगठनकर्ता और विचारक थे। वह एक साहित्यकार होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक प्रमुख नेता और भारतीय समाज के एक प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता थे। भारत की राजनीति आज जिस स्तर पर है, उसे बनाने के पीछे कई महान लोगों का योगदान रहा है और उन्हीं महान लोगों में से एक दीनदयाल उपाध्याय भी थे, जिन्होंने हमारे देश को एक मजबूत राजनीतिक पार्टी देने का कार्य किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने भी पं. दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों को प्रतिपादित किया और बताया कि अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर चलने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय यह चाहते थे कि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इस हेतु उन्होंने अपने पूरे जीवन के ज्ञान को जमीन में उतारने के लिए अथक प्रयास किया।
कार्यक्रम में नीलू शर्मा, कोमल सिंह राजपूत, राजेंद्र गोलछा, आलोक बिंदल, रेखा मेश्राम, नरेश बैद पतली, रवि सिन्हा, तरुण लहरवानी, अतुल रायजादा, गगन आईच, राधेश्याम गुप्ता, मणिभास्कर गुप्ता, मधु बैद, आलोक श्रोती, पवन मेश्राम एवं समीर श्रीवास्तव उपस्थित थे।


