राजनांदगांव

गायकी में नन्हीं श्रिया का कमाल राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्पर्धाओं में जीती ट्रॉफियां
17-Jan-2023 2:54 PM
गायकी में नन्हीं श्रिया का कमाल राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्पर्धाओं में जीती ट्रॉफियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 जनवरी।
इस्पात नगरी की नन्हीं कलाकार श्रिया गोलछा गायकी के क्षेत्र में निरंतर सफलता के झंडे गाड़ रही है। 11 वर्षीय श्रिया ने हाल में शास्त्रीय और सुगम गायन के क्षेत्र में कई पुरस्कार जीते हैं।

श्रिया ने पिछले सप्ताह कटक में उत्कल युवा सांस्कृतिक संघ द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय नृत्य एवं संगीत के प्रतिष्ठित महोत्सव में शास्त्रीय तथा फिल्मी गायन दोनों वर्ग में अपनी गायकी का लोहा मनवाते प्रथम पुरस्कार जीता। उसे ग्रुप सॉन्ग में भी प्रथम स्थान मिला। जबकि अद्र्धशास्त्रीय गायन में श्रिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। पांच दिवसीय आयोजन के समापन पर श्रिया को ट्रॉफियां एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व रायपुर में गोविंद लीला कला केन्द्र द्वारा आयोजित कलावंत्य महोत्सव में भी श्रिया शास्त्रीय एवं फिल्मी गायन वर्ग में विजेता रही। जबकि अद्र्धशास्त्रीय गायन में उन्हें द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा स्कूल तथा अन्य कई आयोजनों में भी श्रिया ने पुरस्कार जीते हैं।

श्रिया डीपीएस रिसाली में कक्षा छठी की विद्यार्थी है। श्रिया नेहरू नगर के प्रतिष्ठित नागरिक प्रकाशचंद एवं देवकी गोलछा की सुपौत्री तथा सबेरा संकेत के संपादक सुशील एवं ज्योति कोठारी की नातिन हैं। उनके माता-पिता श्रुति एवं प्रखर गोलछा ने बताया कि श्रिया की बाल्यकाल से ही गायन में रूचि है और पिछले छह वर्ष से वह नियमित प्रशिक्षण ले रही है। उसके गुरू अजीत बनर्जी की माने तो श्रिया के गायन में परिपक्वता एवं मधुरता दोनों है और कड़े परिश्रम के चलते ही वह निरंतर आगे बढ़ रही है।

 


अन्य पोस्ट