राजनांदगांव

आलोक बने भाजयुमो प्रदेश मंत्री
30-Dec-2022 1:37 PM
आलोक बने भाजयुमो प्रदेश मंत्री

विस चुनाव को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 दिसंबर।
भाजयुमो पूर्व जिला महामंत्री आलोक श्रोती को प्रदेश युवा मोर्चा नेतृत्व ने प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपा है। बीते 29 दिसंबर को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत द्वारा प्रदेश कार्यसमिति की सूची जारी की गई है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश नेतृत्व ने प्रदेशभर के युवा नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं और पार्टी को मजबूती प्रदान कर राज्य सरकार की नाकामियों को आम जनता तक पहुंचाने  का दायित्व सौंपना मुख्य उद्देश्य है।

आलोक युवा राजनीति में चर्चित नाम है। वह काफी अरसे तक भाजयुमो की सांगठनिक गतिविधियों को मजबूती देने के लिए जोर लगाते रहे हैं। वह 9 साल तक राजनांदगांव शहर भाजयुमो के अध्यक्ष रहे। जिला भाजयुमो में वह महामंत्री रहते हुए युवाओं को एकजुट करने के लिए आगे रहे। उनकी शैली से युवाओं ने भाजयुमो का रूख किया। नतीजतन उनके कार्यकाल में शहर में युवाओं ने बड़ी तादाद में भाजयुमो की सदस्यता भी ग्रहण की। इससे पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बेमेतरा जिला प्रभारी का दायित्व भी सम्हाल चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी कार्यशैली से प्रदेश भाजपा नेताओं को प्रभावित किया। सामाजिक सरोकार से जुड़े मिशन में भी आलोक की प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष भूमिका रही है। खासतौर पर रक्तदान के लिए युवाओं को प्रेरित करना और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए वह हमेशा आगे रहे। स्वास्थ्यगत विषयों पर एक मिशन बनाकर आलोक ने अपनी एक टीम को तैयार किया है। आपातकालीन अवसर पर यही टीम चिकित्सकीय सेवा मुहैया कराने में मदद करती रही है।

इधर भाजयुमो प्रदेश मंत्री का दायित्व मिलने के के बाद आलोक के समर्थकों में हर्ष व्याप्त है। उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर जिलेभर के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलावा प्रदेश के नेताओं ने भी श्री श्रोती को शुभकामनाएं देने का क्रम जारी है।
 


अन्य पोस्ट