राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रविवार को 11 बजे टीवी पर प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को लखोली बूथ क्र. 142 जनता कॉलोनी में बूथ के कार्यकर्ताओं के साथ सुना और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार जिला भाजपा द्वारा प्रत्येक बूथों पर पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं की वक्ता के रूप में जवाबदारी दी गई थी। जिसके अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर सुशासन दिवस के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं ने सुना। इसी क्रम में डॉ. रमन सिंह लखोली की एक बस्ती में पहुंचे और बूथ अध्यक्ष विजय सिन्हा के साथ उन्होंने कार्यक्रम को सुना।
कार्यक्रम के पश्चात सर्वप्रथम स्व. वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं को अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डालते उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों को विस्तार से बताया।
डॉ. सिंह ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल में ही देशभर की गांव की सडक़ों को बनाया गया। चारों ओर सडक़ों का जाल बिछ गया। जिसके कारण आदिवासियों जनजातियों एवं पिछड़ों के जीवन स्तर को सुगम बनाने में सहयोग मिला।
डॉ. सिंह ने कहा कि विश्व में ऐसी कोई सरकार नहीं है, जो अपनी इतनी बड़ी जनसंख्या को कोरोना काल में नि:शुल्क वैक्सीन लगा सके, परंतु यह असंभव कार्य नरेंद्र मोदी ने कर दिखाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता लीलाराम भोजवानी ने भी अटल बिहारी के व्यक्तित्व को प्रेरणादाई बताते उनके व्यक्तित्व से सीखने की बात कही और आने वाले समय में कार्यकर्ता सजग रहकर अपने पोलिंग बूथ में डट कर रहे ऐसा संदेश देते भोजवानी ने आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला अध्यक्ष रमेश पटेल, शहर अध्यक्ष तरुण लहरवानी, कचरू शर्मा, मिथलेश्वरी वैष्णव, राजेंद्र बंटू जैन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।