राजनांदगांव

सस्ती सब्जियों से रसोई घर महके
26-Dec-2022 12:31 PM
सस्ती सब्जियों से रसोई घर महके

ठंड में बंपर आवक से पत्तीदार सब्जियों की बाजार में बहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर।
सस्ती सब्जियों से रसोई घर महक रहे हैं। ठंड में बंपर आवक से बाजार में पत्तीदार सब्जियों की आवक है। स्थानीय बाडिय़ों से ताजी सब्जियों की आवक भी बढ़ गई है। वहीं दूसरे राज्यों से सब्जियों की खेप भी मंडी और बाजार तक पहुंच रही है। ऐसे में सब्जियों की भरपूर आवक होने से सब्जियों के दाम कम हो गए हैं।

सब्जियों की आवक  अधिक होने और दाम गिरने से किसानों को एक ओर जहां नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं गृहणियों को ताजी और हरी सब्जियां कम दाम में उपलब्ध होने से राहत मिल रही है। ज्ञात हो कि सब्जियों की आवक कम होने से जहां लोगों को सब्जियां खरीदने अपनी जेबे ढ़ीली करनी पड़ रही थी। वहीं ठंड के मौसम में आवक बढऩे और दाम कम होने पर गृहणियां थैला भरकर सब्जियां घरों तक ले जा रही हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहर के बाजार में टमाटर के अलग-अलग दाम चल रहे थे। जिसमें कहीं 5 रुपए किलो तो कहीं 10 रुपए किलो तक बिक्री हो रही थी। वहीं पत्तागोभी की बंफर पैदावार होने के चलते इसे खरीददार नहीं मिल रहे हैं। एक से डेढ़ किलो की पत्तागोभी 10 रुपए नग में बिक्री हुई। इसके अलावा फूलगोभी के दाम भी 10 से 20 रुपए किलो तक बाजार में बिक्री हुई। इसके साथ ही मटर 20 से 30 रुपए किलो, सेमी 20 से 25 रुपए किलो, नवलगोल 10 से 20 रुपए किलो, भटा 10 रुपए किलो, कुम्हड़ा 20 रुपए, शिमला मिर्च 20 रुपए किलो, करेला 30 रुपए किलो, गाजर 20 से 30 रुपए किलो, मुनगा 20 रुपए जुरी तक बिक्री हुई।

शहर के मंडी स्थित पसरा में भी सुबह ताजी सब्जियों की खरीदी करने लोग पहुंच रहे हैं। वहीं पुराना गंज स्थित हाट बाजार और गोल बाजार में लोग सब्जियों  की खरीदी करने पहुंच रहे हैं। सब्जियों के दाम कम होने से अलग-अलग इलाकों के लोग अपनी सुविधा के अनुसार खरीदी करने पहुंच रहे हैं। सब्जियों के दाम कम होने से महिलाएं थैली भरकर सब्जियां खरीदी कर रही हैं। एक ओर जहां टमाटर 5 से 10 रुपए किलो तक बिक्री होने से लोग थैली भरकर टमाटर खरीद रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट