राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 दिसंबर। नाचा-गम्मत के पुरोधा दाउ दुलार सिंह मंदराजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रविवार को भारत जोड़ो यात्रा राजनांदगांव विधानसभा प्रभारी व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा 12 दिसंबर को उत्तर ब्लॉक के कन्हारपुरी वार्ड से प्रारंभ हुई। यात्रा वार्ड का भ्रमण कर स्कूल परिसर में समापन हुआ। इस दौरान धार्मिक स्थलों में श्रीफल भेंट कर व मत्था टेकते वीर जवानों को याद करते यात्रा निकाली गई।
शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने कहा कि शहर अध्यक्ष श्री छाबड़ा के नेतृत्व में कन्हारपुरी में दाउ दुलार सिंह मंदराजी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरूआत की, जो तालाब पार स्थित शंकर मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, सहाड़ा देव में मत्था टेककर शहरवासियों की खुशहाली की कामना की। तत्पश्चात यात्रा सतनाम समाज के अराध्य देव बाबा गुरूघासीदास जी की जैतखाम में श्रीफल चढ़ाकर यात्रा आगे निकली, जो शिवधाम पहुंची, जहां पर वार्ड के वरिष्ठ मुकुंददास से जनसंवाद कर भारत जोड़ो यात्रा और उनका उद्देश्य बताया। इसके बाद यात्रा मस्जिद पहुंची जहां पर मुस्लिमों से जनसंवाद कर मस्जिद में सजदा किया, फिर यात्रा प्राचीन श्री सिद्ध गोरकापरहिन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा आगे बढ़ी, जो शिव-हनुमान मंदिर में पूजा कर यात्रा कन्हारपुरी स्कूल के सामने यात्रा का समापन हुआ। यात्रा की तैयारी पार्षद महेश साहू द्वारा किया गया था। युवराज भारती, सीताराम श्रीवास ने भारत मां के जयघोष के नारे लगाते यात्रा का उत्साहवर्धन करते रहे।
शहर अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने यात्रा के दौरान कहा कि राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। जिसका एकमात्र उद्देश्य भारत की एकता और अखंडता बनी रहे, इसी परिप्रेक्ष्य में संस्कारधानी की जनता को बताना है कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो सभी धर्मों का सम्मान करती है। देश की एकता और भाईचारे कायम रहे, इन्हीं भावनाओं को लेकर भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। वहीं देश में साम्प्रदायिक भडक़ाने वालों को मुंह तोड़ जवाब देना है। भारत जोड़ो यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेसीजन शामिल थे।