राजनांदगांव

निगम-आयोग में नांदगांव से भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मिली जगह
30-Oct-2022 12:21 PM
निगम-आयोग में नांदगांव से भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मिली जगह

  चुनावी बरस में 10 माह के लिए मनोनयन  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अक्टूबर ।
राज्य सरकार ने मिशन 2023 की चुनावी फतह करने के इरादे से राजनीतिक रूप से उपकृत करते हुए  राजनांदगांव, एमएमसी एवं केसीजी जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी निगम-आयोग में जगह दी है। चुनावी बरस में प्रवेश में जाने से पहले सरकार ने कल बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की है। इसके पीछे पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देना बताया जा रहा है।

इसी कड़ी में राजनांदगांव शहर से विरेन्द्र चौहान को असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा मंडल में सदस्य मनोनीत किया गया है। वहीं छुरिया के मनोज सिन्हा को पिछड़़ा वर्ग प्राधिकरण में सदस्य बनाया गया है। डोंगरगांव के मुरलीधर पंजावानी सिंधी अकादमी बोर्ड में सदस्य नियुक्त किए गए हैं। वहीं कांग्रेस ने एकमात्र महिला कार्यकर्ता संगीता गजभिये को राज्य बाल संरक्षण आयोग का सदस्य बनाया है। उधर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ जिले से एक अहम नियुक्ति संजय जैन की जीव-जंतु कल्याण बोर्ड में सदस्य के तौर पर हुई है। केसीजी के  लोधी समाज के वरिष्ठ नेता रजभान लोधी को राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था में सदस्य बनाया गया है।  

बताया गया कि तीनों जिलों से तकरीबन 7 लोगों की नियुक्ति की गई है। सूची में इस बार जिनका नाम शामिल है, जाति-वरिष्ठता और क्षेत्र का ध्यान रखकर स्थान दिया गया है। बताया जा रहा है कि अगले साल चुनाव होने के चलते सरकार ने थोक के भाव में नियुक्ति की है। माना जा रहा है कि यह आखिरी राजनीतिक नियुक्तियां है। अब सरकार चुनावी साल में प्रवेश करने के साथ ही कार्यकर्ताओं के जरिये अगला विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के इरादे से आगे बढ़ेगी।


अन्य पोस्ट