राजनांदगांव

सुरक्षा-यातायात के पुख्ता बंदोबस्त पर अफसरों संग शहर भ्रमण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 अक्टूबर। दीपावली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात के पुख्ता बंदोबस्त के मद्देनजर डीआईजी रामगोपाल गर्ग की अगुवाई में शहर के व्यस्तम मार्गों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। अफसरों के साथ डीआईजी ने शहर में भीड़भाड़ वाले रास्तों में मौजूद रहकर यातायात बंदोबस्त को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक दल-बल के साथ डीआईजी ने फ्लैग मार्च करते हुए धनतेरस और दीपावली पर्व पर व्यापारिक मार्गों की व्यवस्था का जायजा लिया। शनिवार को विजुअल पुलिसिंग के तहत धनतेरस और दीपावली त्यौहार में बाजार में भीड़भाड़ को देखते शहर में यातायात व्यवस्था एवं अपराधों पर अंकुश लगाने डीआईजी गर्ग के नेतृत्व में एएसपी लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, डीएसपी डी. सिसोदिया, सायबर सेल प्रभारी उमेश बघेल, थाना प्रभारी लालबाग जितेन्द्र वर्मा, थाना प्रभारी बसंतपुर सीआर चंद्रा, चौकी चिखली प्रभारी उप निरी. भोलासिंह राजपूत द्वारा अपने दल-बल के साथ पैदल पेट्रोंलिग शहर के मुख्य चौक-चौराहों एवं शहर के मुख्य मार्ग मानव मंदिर चौक, इमाम चौक, भारतमाता चौक, गंज चौक, सिनेमा लाईन, हलवाई लाईन, गुडाखू लाईन, कामठी लाईन, रामाधीन मार्ग, सराफा लाईन, जूनीहटरी खरीदी बिक्री के लिए भी भीड़भाड़ वाले जगहों में भी भीड़ होने की संभावना को देखते यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाने के लिए दुकानदारों को अपने दुकान का सामान सडक़ पर न रखने की हिदायत दी गई।
डीआईजी गर्ग के निर्देशन पर एएसपी लखन पटले के नेतृत्व में मोटर साइकिल से शहर के अंदर एवं आउटर में संदिग्ध जगहों गंज चौक, लखोली चौक, नंदई चौक, बसंतपुर चौक, भदौरिया चौक, शंकरपुर, रामनगर, चिखली तथा शहर के सूनसान जगहों पर जाकर असामाजिक तत्वों पर सतत् निगाह रखते चेक कर संदिग्धों से पूछताछ किया गया। गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश पर सतत निगाह रखते गश्त किया गया।