राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अक्टूबर। श्रद्धा महिला स्व सहायता समूह सागरपारा द्वारा नगर निगम परिसर में स्टाल लगाया गया है, जहां गोबर से बने रंग बिरंगे दीये सहित मोमबत्ती, मोम के दीये के अलावा कपड़े से बने आकर्षक छोटे-बड़े बैग का विक्रय किया जा रहा है। उक्त स्टाल से मंगलवार को नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित, उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह, कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, सहायक अभियंता दीपक अग्रवाल, समाज कल्याण अधिकारी भूपेन्द्र वाडेकर व अधिकारियों ने दीये एवं अन्य सामग्री क्रय की। आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि महिला स्व सहायता समूहों द्वारा गोबर से बने दीये, गमले, के साथ-साथ अन्य आवश्यक दैनिक उपयोगी वस्तुएं जैसे मोमबत्ती, मोम के दीये, सजे हुये दीये के साथ कपड़े से बने छोटे-बड़े सुंदर बैग तथा अन्य चीजो का निर्माण किया जा रहा है। दीपावली पर श्रद्धा महिला स्व सहायता समूह द्वारा नगर निगम परिसर में स्टाल लगाकर विक्रय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोबर से बने दीये के उपयोग से शुद्ध वातावरण निर्मित होता है।