राजनांदगांव

मेढ़ा व तुमड़ीबोड़ में किसानों का किया सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अक्टूबर। सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखाओं में मंगलवार से किसान सेवा सप्ताह शुरू हो गया। जिला पंचायत सदस्य व प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री महेंद्र यादव ने मंगलवार को तुमड़ीबोड़ व मेढ़ा में किसानों का तिलक लगाकर सम्मान किया। उन्होंने यहां किसानों के साथ बैठकर चर्चा की।
जिपं सदस्य यादव ने कहा कि जिले के एक लाख 15 हजार 823 किसानों के खाते में 82 करोड़ 55 लाख 49 हजार 154 रुपए की राशि तथा गोधन न्याय योजना के तहत 6 हजार 318 पशुपालकों के खाते में 17 लाख 4 हजार 702 रुपए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हस्तांतरित किए हैं। दीपावली से पहले किसानों, गौपालकों के परिवारों में नई खुशियां आई है। डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तुमड़ीबोड़ में पहुंचे जिपं सदस्य महेंद्र यादव ने यहां किसान न्याय योजना के तहत खातों में आई राशि आहरण करने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर सम्मान किया। यहां किसानों के लिए कई व्यवस्थाएं जुटाई गई थी। पंडाल लगाने के साथ किसानों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी गई है। यहां किसानों से चर्चा करते यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा प्रदेश में खेती को बढ़ावा देना और कृषकों को सशक्त और समृद्ध बना है। हमारा प्रदेश धान का कटोरा कहलाता है और किसानों की संपन्नता से ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इसका असर साफ तौर पर दिख भी रहा है।
ग्राम मेढ़ा में किसानों का अभिनंदन करते उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने बीते 15 वर्षों तक किसानों को शोषण किया। आज महज पौने चार साल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरी तस्वीर ही बदल दी है। आज हमारी उपज को सही दाम मिल रहा है। सरकार किसानों, गौपालकों के लिए योजनाएं लेकर आई है। जिससे उन्हें बड़ा मुनाफा मिल रहा है। जिपं सदस्य श्री यादव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व छत्तीसगढ़ सरकार का आभार प्रकट करते धन्यवाद भी ज्ञापित किया।