राजनांदगांव

22वीं राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 20 तक
17-Oct-2022 3:42 PM
22वीं राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 20 तक

राजनांदगांव, 17 अक्टूबर। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 22वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा। जिले में आयोजित प्रतियोगिता में 5 संभाग के 1 हजार 320 खिलाड़ी कुल 7 खेलों में शामिल होंगे। जिसमें हॉकी 17 वर्ष, बास्केटबॉल 19 वर्ष, टारगेटबॉल 19 वर्ष, शूटबॉल 19 वर्ष योंग-मु-डो 14, 17, 19 वर्ष, थ्रो बॉल 14, 17, 19 वर्ष तथा रोप स्कीपिंग 14, 17, 19 वर्ष खेल विधाएं आयोजित होगी। प्रतियोगिता में प्रत्येक संभाग से 132 बालक और 132 बालिका कुल 264 खिलाडिय़ों का दल होगा।  खिलाडिय़ों के लिए 8 स्थलों पर आवास की व्यवस्था की गई है। सभी आवासों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था के लिए नगर निगम द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस विभाग द्वारा जवान तैनात किए गए हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मैदानों की सभी तैयारियां सुनिश्चित हो गई है।

22वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन 20 अक्टूबर को सुबह 11 बजे दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में होगा। जिसमें मुख्य अतिथि खुज्जी विधायक छन्नी साहू उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, छत्तीसगढ़ राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य श्रीकिशन खंडेलवाल, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हफीज खान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रोहित चंद्राकर एवं पदम कोठारी, कुलबीर सिंह छाबड़ा उपस्थित रहेंगे।


अन्य पोस्ट