राजनांदगांव

चरित्र पर शंका, पत्नी की हत्या
15-Oct-2022 2:11 PM
चरित्र पर शंका, पत्नी की हत्या

  खैरागढ़ के मुतेडा में गला घोंटने के बाद पत्थर से चेहरे पर वार  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 सितंबर।
खैरागढ़ इलाके के मुतेडा गांव में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पति फरार हो गया। विवाह के बाद से पति मृतिका के चरित्र पर शक करता था। जिसके चलते दोनों में अक्सर घरेलू झड़प होती थी। बीती रात को नशे में धुत पति ने पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी और उसके बाद शव को आमनेर नदी के पास शव को फेंक दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक संगीता जंघेल नामक महिला का शव नदी के किनारे मिलने की खबर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले में पति प्रमोद जंघेल की भूमिका को संदिग्ध माना और उनकी गैरहाजिरी से पुलिस का शक मजबूत हुआ। बताया जा रहा है कि पति प्रमोद पत्नी और दो बच्चों को लेकर भिलाई जाने के लिए मोटर साइकिल से रवाना हुआ था और उसके बाद पेशाब करने के लिए गाड़ी रोका। पति ने कुछ देर बाद पत्नी के साथ मारपीट करने और गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति दोनों बच्चों को छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने बच्चों के बयान के आधार पर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

इस संबंध में खैरागढ़ एएसपी नेहा पांडेय ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि पत्नी के चरित्र को लेकर पति अक्सर मारपीट और विवाद करता था। मृतिका संगीता के आचरण पर सवाल खड़ा करने के कारण घर में कलह की स्थिति बन गई थी।


अन्य पोस्ट