राजनांदगांव

फरार पूर्व नपा अध्यक्ष की तलाश जारी
12-Oct-2022 12:26 PM
फरार पूर्व नपा अध्यक्ष की तलाश जारी

आदिवासी युवक की खुदकुशी मामले में भाई और एक युवती भी भूमिगत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अक्टूबर।
डोंगरगढ़ के बहुचर्चित आदिवासी युवक विजय नेताम खुदकुशी मामले के मुख्य आरोपी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष तरूण हथेल और उनके भाई समेत एक युवती की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। एफआईआर दर्ज होने के बाद सभी भूमिगत हो गए हैं। माना जा रहा है कि पुलिस से बचने के लिए सभी आरोपी फरार हो गए हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए  पूरजोर कोशिश की जा रही है। फिलहाल आरोपी नदारद है। पूर्व नपा अध्यक्ष तरूण हथेल और उनके दो भाई गब्बर हथेल, अरविंद हथेल व सोनम साहू नामक युवती को आरोपी बनाया गया है। परिजनों की शिकायत पर कर्जा एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत सभी जुर्म दर्ज किया गया है। तरूण हथेल भाजपा से निष्कासित हैं। उन पर पहले भी लोगों के संपत्ति पर बेजा कब्जा करने का भी आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि हथेल कुनबा  ब्याज के कारोबार में लिप्त है। लोगों को डरा-धमकाकर   मूल से ज्यादा ब्याज वसूलने का आरोप है। राजनीतिक रूप से वह भाजपा से जुड़े रहे, लेकिन बाद में उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। फिलहाल वह हिन्दूवादी संगठन के पदाधिकारी हैं। साथ ही मौजूदा सांसद संतोष पांडे से उनका नजदीकी संबंध है। इस संबंध का वह कारोबार में फायदा उठाते रहे हैं। बहरहाल आरोपी पुलिस से बचते फिर रहे हैं। फरार होने वाले सभी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट