राजनांदगांव

राज्य सरकार जनमानस व किसानों के लिए है हमेशा तत्पर- नवाज
09-Oct-2022 4:21 PM
राज्य सरकार जनमानस व किसानों के लिए है हमेशा तत्पर- नवाज

गोदामों का किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर।
धान खरीदी प्रारंभ होने के पूर्व व दीपावली त्यौहार के अवसर पर किसानों के हित में कांग्रेस की भूपेश सरकार योजनानुसार 8 अक्टूबर को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनंादगांव के अध्यक्ष नवाज खान की स्वीकृति पर राजनांदगांव विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत सहकारी समितियों में गोदाम  सह, शॉप, रूम, टायलेट निर्माण कार्य ग्राम बघेरा में 25.56 लाख, मुरमुंदा में 25.56 लाख, पटेवा में 25.56 लाख, भैंसातरा में 25.56 लाख के सोसायटियों के भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल व अध्यक्षता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने की। कार्यक्रम में कृषि उपज मंडी समिति राजनंादगांव अध्यक्ष गोवर्धन देशमुख, जिला पंचायत सदस्य हर्षिता स्वामी बघेल, कृषि उपज मंडी राजनंादगांव उपाध्यक्ष अजय मारकंडे,  घुमका ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दुर्गेश द्विवेदी, डोंगरगढ़ विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ वैष्णव व अन्य लोग शामिल थे।

अध्यक्षता करते नवाज खान ने कहा कि भूपेश बघेल एक किसान पुत्र हैं और वह किसानों की व्यथा बहुत अच्छे से समझते हैं। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी राजीव गांधी किसान योजना की तृतीय किस्त एक नवंबर को आनी थी, पर दीपावली 26 अक्टूबर को होने के कारण मुख्यमंत्री ने किसानों की व्यथा को समझते चौथी किस्त की राशि 17 अक्टूबर को देने की घोषणा की, जो अपने आप में एक सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार जनमानस व किसानों के लिए हमेशा तत्पर है, चाहे वह किसानों के लिए राजीव किसान न्याय योजना हो या भूमिहीन कृषि मजदूरी हेतु राजीव गांधी  भूमिहीन मजदूर न्याय योजना हो या युवाओं के लिए राजीव गांधी युवा मितान क्लब का गठन होगा। सभी वर्गों का ध्यान कांग्रेस की सरकार और मुख्यमंत्री ने रखा हुआ है।


अन्य पोस्ट