राजनांदगांव
.jpg)
तीनों पर 10 लाख का ईनाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अगस्त। महाराष्ट्र गढ़चिरौली पुलिस ने नक्सलियों के सांगठनिक ताकत को तोड़ते हुए एक साथ तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में एक महिला भी शामिल है। तीनों पर कुल 10 लाख रुपए का ईनाम घोषित है। पुलिस ने तीनों को उस वक्त पकड़ा, जब गश्त पर निकले जवानों को देखकर तीनों भागने लगे। तीनों पर गढ़चिरौली में कई आपराधिक घटनाओं में नामजद मामले दर्ज हैं। गढ़चिरौली एसपी अंकित गोयल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है।
मिली जानकारी के मुताबिक रमेश पल्लो, तानी उर्फ शशि पुंगाटी और अर्जुन उर्फ महेश नरोटे को सी-64 फोर्स ने गिरफ्तार किया है। तीनों एटापल्ली क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन पर हत्या, आगजनी, मुठभेड़ और अन्य हिंसक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। रमेश पल्लो व तानी पर 4-4 लाख रुपए के ईनाम घोषित हैं। वहीं अर्जुन उर्फ महेश पर 2 लाख रुपए का ईनाम घोषित है। महाराष्ट्र सरकार ने तीनों पर काफी पहले ईनाम घोषित कर रखा था। गढ़चिरौली पुलिस लगातार नक्सल मोर्चे में नक्सलियों को ढ़ेर कर रही है। वहीं आत्मसमर्पण तथा गिरफ्तारी के मामलों में भी पुलिस सफलताएं हासिल कर रही है।