राजनांदगांव

75 स्थानों पर होगा अमृत महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम
07-Aug-2022 6:40 PM
75 स्थानों पर होगा अमृत महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम

विधायक कार्यालय में रंगोली स्पर्धा 13 को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव,  7 अगस्त।
आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव के तहत केंद्र सरकार एवं प्रदेश भाजपा के आह्वान पर शनिवार को दक्षिण, उत्तर एवं ग्रामीण भाजपा की एक आवश्यक बैठक विधायक कार्यालय में आयोजित की गई। 

बैठक में मुख्य वक्ता  वरिष्ठ भाजपा नेता लीलाराम भोजवानी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर झंडा लगाने की मुहिम से प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता जुड़ेगा और अपने आसपास के सभी घरों में तिरंगा झंडा लगे, इसकी प्रत्येक कार्यकर्ता चिंता करेगा। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि शहर के 51 वार्डों में इनका 51 जगहों पर तथा ग्रामीण के 24 जगहों पर कुल मिलाकर 75 विशेष जगहों पर मुख्य कार्यक्रम होगा। जिसमें आजादी के अमृत महोत्सव को गर्व के साथ मनाया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि शहर के जितने भी जगहों पर क्रांतिकारी शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाएं हैं, उनकी सफाई भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की जाएगी और उन्हें संरक्षित रखने हेतु आवश्यक व्यवस्था भी की जाएगी।

बैठक में दक्षिण मंडल अध्यक्ष तरूण लहरवानी  व उत्तर मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रोहित चंद्राकर ने बताया कि अनुपम नगर रोड स्थित  विधायक कार्यालय में 13 अगस्त को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को पुरस्कृत भी किया जाएगा। बैठक में सभी ने आजादी के अमृत महोत्सव को गौरव एवं शान के साथ मनाने तथा हर घर झंडा लगाने का संकल्प लिया। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, संजीव शाह, किशुन यदु, देवशरण सेन, शिव वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट