राजनांदगांव

उपलब्धियों से ध्यान हटाने कांग्रेस कर रही प्रपंच- किशुन
06-Aug-2022 6:45 PM
उपलब्धियों से ध्यान हटाने कांग्रेस कर रही प्रपंच- किशुन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अगस्त।
महंगाई व बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर नगर पालिक निगम नेता प्रतिपक्ष किशनु यदु ने बयान जारी करते कहा है कि 5 अगस्त को ही आयोध्या में राम मंदिर की आधारशीला रखी गई थी और आज ही भारत को अभिन्न राज्य जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार द्वारा हासिल की गई इन गौरवशाली उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए ही कांग्रेस ये प्रपंच कर रही है।

श्री यदु ने कहा किए विश्व युद्ध की आशंकाओं के बीच भारत की अर्थव्यवस्था को संभाले रखने की चुनौती का एनडीए सरकार ने बखूबी सामना किया है। पड़ोसी देशों की तुलना भारत से की ही नहीं जा सकती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश सबल और सशक्त है। एनडीए सरकार की नीतियों और विकासपरक निर्णयों ने हमें इस स्थिति में बनाए रखा है कि हम दूसरों की मदद कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा किए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीति की चर्चाएं हो रही है। हमारी अर्थव्यवस्था को तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था कहा जा रहा है। अर्थशास्त्रियों ने ये बातें कही है। कांग्रेस अपनी ढपली, अपना ही राग अलाप रही है। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत के गौरवशाली इतिहास में महत्वपूर्ण है। एक ही देश में अलग कानून और अलग झंडे वाले कश्मीर से धारा 370 का हटना एक बड़ी उपलब्धि रही है। आजादी के 72 सालों बाद जम्मू -कश्मीर की आवाम भी तिरंगे के साथ खड़ी है। 

श्री  यदु ने कहा कि दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर मंदिर की आधारशिला रखी। हिंदुत्व के लिए वो क्षण कभी न क्षय होने वाली स्मृति है। 
एक लंबे संघर्ष के बाद हमारे राम को उनकी जन्मभूमि पर विराजमान किया जाने की प्रतिज्ञा आज ही के दिन पूरी हुई थी। केंद्र सरकार के इन ऐतिहासिक निर्णयों और प्रयासों को कांग्रेस कभी पचा नहीं सकी। इनकी हमेशा यही कोशिश रही कि वे एनडीए सरकार के कार्यकाल में देश को हासिल हुई उपलब्धियों पर भी सवाल खड़े करते रहें हैं। कांग्रेस का यह रवैया निंदनीय है। 
 


अन्य पोस्ट