राजनांदगांव

कांग्रेस को मजबूत करने कई पदों पर रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अगस्त। शहर के कांग्रेसी नेता शशिकांत अवस्थी का मंगलवार तडक़े हृदयघात से निधन हो गया। कांग्रेस की राजनीति में उन्हें प्रमुख सांगठनिक नेता के रूप में पहचाना जाता था। 1980-90 के दशक में वह संगठन में कई पदों पर रहे।
तत्कालीन सांसद स्व. शिवेन्द्र बहादुर के कार्यकाल में वह काफी सक्रिय रहे। महामंत्री के तौर परउनका उल्लेखनीय कार्यकाल रहा। इसके अलावा उन्होंने अन्य पदों पर भी संगठन से मिले दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार तडक़े करीब 3 बजे के आसपास उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। रात करीब एक बजे सांस लेने की तकलीफ की शिकायत पर स्थानीय पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से कांग्रेस और गैर कांग्रेसी नेताओं में शोक की लहर है। आज दोपहर बाद उनकी अंत्येष्टि की गई। अंतिम शवयात्रा में शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।