राजनांदगांव

मेहमान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
01-Aug-2022 12:26 PM
मेहमान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या

बुरी नजर रखने के संदेह पर घटना को दिया अंजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अगस्त।
शहर से सटे सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवादा में एक युवक ने घर आए मेहमान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को मेहमान द्वारा उसकी मां पर बुरी नजर रखने का संदेह था। इस संदेश को लेकर युवक ने मेहमान की रात में सोते हुए कुल्हाड़ी मारकर जान ले ली। सोमनी पुलिस ने आरोपी युवक को पकडक़र कार्रवाई की है। वहीं मृतक का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार चरोदा भिलाई-3 निवासी सुखधन साहू (65 वर्ष ) ग्राम देवादा में रहने वाले अपने समधी के यहां मेहमान आया हुआ था। शनिवार शाम सुखधन ने अपने समधी परमानंद साहू के ग्राम देवादा में ही रहने वाले भाई के घर भोजन किया। इसके बाद रात लगभग 8 बजे वह परमानंद साहू के घर लौटा और सो गया, जब वह गहरी नींद में था तभी रात लगभग 11 बजे परमानंद साहू के 21 वर्षीय पुत्र भेमेन्द्र साहू ने घर में रखे कुल्हाड़ी से गहरी नींद में सो रहे सुखधन साहू पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  घर आए मेहमान की खुलेआम हत्या से परमानंद साहू के परिवार सहित गांव में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी भेमेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सुबह मृतक सुखधन साहू के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या की वारदात से ग्राम देवादा में दहशत व्याप्त है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी युवक ने बताया कि उसे संदेह था कि सुखधन उसकी मां पर बुरी नजर रखता था। इसी संदेह के चलते उसने घटना को अंजाम दिया।


अन्य पोस्ट