राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जुलाई। भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आगामी 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को भारतीय स्वाभिमान का प्रतीक बताते राजनांदगांव जिला पंचायत अध्यक्ष गीता घासी साहू ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं भारत सरकार के केंद्रीय गृह सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा देशभर में भाजपा के सभी पदाधिकारी, संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम को लेकर जिम्मेदारिया एवं निर्देश दिए गए हैं। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष गीता घासी साहू को खुज्जी विधानसभा के प्रभारी नियुक्त किया गया है। खुज्जी विधानसभा में जिम्मेदारी देने के लिए जिले के सभी वरिष्ठजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिपं अध्यक्ष श्रीमती साहू ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने राजनांदगांव जिले में निवासरत भाजपा एवं मोर्चा प्रकोष्ठ के सभी प्रदेश, जिला, मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से 9 से 11 अगस्त तक व्यापक प्रचार-प्रसार, 11 से 13 अगस्त तक प्रत्येक वार्ड एवं गांवो में रघुपति राघव राजाराम भजन और वंदे मातरम गीत के साथ प्रभातफेरी का आयोजन, महापुरुषों की प्रतिमाओं, स्मारकों में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम और 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक नागरिकों के घरों, शासकीय कार्यालयों, अशासकीय सामाजिक संस्थानों में भी तिरंगा लगाने का महाअभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करने पदाधिकारियों द्वारा कार्य विभाजन कर जिम्मेदारी सुनिश्चित की जा रही है। अध्यक्ष गीता साहू ने कहा कि देश की आजादी के 75वें वर्ष को भाजपा संगठन महापर्व के रूप में मनाने जा रही है। जिले के भाजपा एवं सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों सहित सभी ज्येष्ठ, श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में किए जाने वाले इस वृहद कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।